तकनीक का कमाल: अब तुरंत पता चलेगी भूमिगत बिजली केबल में खराबी, महावितरण के बेड़े में शामिल हुई अत्याधुनिक वैन

अब तुरंत पता चलेगी भूमिगत बिजली केबल में खराबी, महावितरण के बेड़े में शामिल हुई अत्याधुनिक वैन
  • महावितरण के बेड़े में शामिल हुई अत्याधुनिक केबल फॉल्ट डिटेक्शन वैन
  • फॉल्ट की सटीक जगह का चलेगा पता, बेवजह खुदाई से मिलेगी मुक्ति
  • नागपुर परिमंडल में ऐसी वैन की संख्या बढ़कर हुई 2

डिजिटल डेस्क, नागपुर। भूमिगत बिजली केबल में खराबी आने पर अब उसकी सटीक जगह का तुरंत पता चल सकेगा। इसके लिए महावितरण के बेड़े में अत्याधुनिक 'केबल फॉल्ट डिटेक्शन वैन' शामिल की गई है। इस तकनीक से केबल में खराबी का सटीक स्थान पता चलने के कारण मरम्मत का काम तेज और आसान होगा। साथ ही पूरी सड़क, रोड डिवाइडर या फुटपाथ की खुदाई करने के बजाय केवल खराबी वाले स्थान पर ही खुदाई करनी पड़ेगी। इससे समय और संसाधनों की बचत होगी। इस वैन का उद्घाटन महावितरण के मुख्य अभियंता राजेश नाइक ने किया।

चलती-फिरती लैब की तरह करेगी काम

भूमिगत बिजली केबल में खराबी का पता लगाना महावितरण के लिए हमेशा चुनौतीपूर्ण रहा है। फॉल्ट का सटीक स्थान पता नहीं चलने के कारण कई बार पूरी सड़क या फुटपाथ खोदना पड़ता था। अत्याधुनिक उपकरणों से लैस यह वैन एक चलती-फिरती प्रयोगशाला की तरह काम करेगी। इसकी मदद से भूमिगत केबल में खराबी का स्थान सटीक रूप से चिह्नित किया जा सकेगा। इससे मरम्मत का काम अधिक पारदर्शी, सटीक और तेजी से पूरा करने में मदद मिलेगी। साथ ही बिजली आपूर्ति भी जल्द पूर्ववत की जा सकेगी।

नागपुर परिमंडल में अब 2 वैन

नई वैन के शामिल होने के बाद नागपुर परिमंडल में केबल फॉल्ट डिटेक्शन वैन की संख्या बढ़कर 2 हो गई है। इससे भूमिगत बिजली केबलों में खराबी आने पर तत्काल कार्रवाई करने में मदद मिलेगी। इस अवसर पर महावितरण के अधीक्षक अभियंता वैभव पाथोड़े, प्रफुल लांडे, नागपुर ग्रामीण मंडल के अधीक्षक अभियंता संजय वाकड़े, दीपाली माडेलवार, कार्यकारी अभियंता धम्मदीप फुलझेले और राहुल जीवतोडे उपस्थित थे।

Created On :  

Tags

Next Story