धनतेरस: सर्राफा बाजार में 150 करोड़ से अधिक के कारोबार की उम्मीद, बर्तन बाजार में भी बढ़ी मांग

सर्राफा बाजार में 150 करोड़ से अधिक के कारोबार की उम्मीद, बर्तन बाजार में भी बढ़ी मांग
  • शहर में दौड़ेंगी 2000 नई कारें, 4500 दोपहिया वाहन बिकेंगे
  • बाजारों में बरसेगा धन, एक दिन पहले बाजारों में उमड़ा जनसैलाब

डिजिटल डेस्क, नागपुर. धनतेरस को लेकर उपराजधानी व्यापारिक जगत पूरी तरह से सज-धज कर तैयार है। बाजार में शुभ मुहूर्त पर खरीदारी को लेकर ग्राहकों की भारी भीड़ उमड़ रही है। भीड़ से बचने के लिए गुरुवार को शहर के बाजारों में जनसैलाब उमड़ा। सर्राफा बाजार से लेकर ऑटोमोबाइल सेक्टर तक व्यापारियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। व्यापारियों के अनुमान के मुताबिक, इस धनतेरस पर अकेले सर्राफा बाजार में 150 करोड़ रुपए से अधिक के आभूषणों का कारोबार होने की उम्मीद है। वहीं, ऑटोमोबाइल सेक्टर में भी धनतेरस के दिन लगभग 2,000 कारें और करीब 4,500 दोपहिया वाहन सड़कों पर उतरने के लिए तैयार हैं।

सोने की कीमतों में गिरावट से लौटी चमक

धनतेरस से पहले ही सराफा बाजार में जबरदस्त भीड़ रही। बीते एक महीने के दौरान सोने की कीमतों में आई नरमी ने ग्राहकों के उत्साह को दोगुना कर दिया है। सामान्यतः कीमतें कम होते ही खरीदारी में तेजी आती है, और इस बार भी यही रुझान देखने को मिल रहा है। हालांकि पिछले दो दिनों में सोना-चांदी के दाम में 5 से 10 हजार रुपए का उछाल आया है। फिर भी इसका असर खरीदारी पर नहीं दिख रहा है। नागपुर सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेश रोकडे के अनुसार बाजार में जमकर खरीदारी हो रही है। पारंपरिक गहनों से लेकर आधुनिक और हल्के वजन वाले आभूषणों की मांग में भारी उछाल दर्ज किया गया है। जेवरों की मजबूत मांग देखी जा रही है।

ऑटोमोबाइल बाजार में रफ्तार

चारपहिया वाहन बाजार में इस बार बुकिंग की गति काफी तेज रही है। शोरूम्स ने त्योहार को भुनाने के लिए आकर्षक डिस्काउंट, एक्सचेंज बोनस और आसान फाइनेंस स्कीम्स पेश की हैं, जिसके चलते शोरूम्स में ग्राहकों का तांता लगा हुआ है। विदर्भ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अनुज पांडे के अनुसार, "इस वर्ष कारों की एडवांस बुकिंग का रिस्पॉन्स बेहद शानदार रहा है। धनतेरस के शुभ दिन लगभग 1,500 से 2,000 नई कारों की डिलीवरी की जाएगी। ग्राहकों की सुविधा और उत्साह को ध्यान में रखते हुए डीलर्स ने कई विशेष त्योहारी ऑफर्स भी दिए हैं।'

इस त्योहारी सीजन की सबसे बड़ी खासियत इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) के प्रति ग्राहकों का बढ़ता आकर्षण है। दोपहिया और चारपहिया दोनों ही वर्गों में पर्यावरण अनुकूल और किफायती इलेक्ट्रिक वाहनों की मांग में रिकॉर्ड बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

धनतेरस पर शहर में करीब 4,500 दोपहिया वाहनों की डिलीवरी होने जा रही है। इनमें अकेले 500 से 1,000 वाहन इलेक्ट्रिक सेगमेंट के होंगे। इस साल दोपहिया श्रेणी में इलेक्ट्रिक स्कूटर्स और बाइक्स की बिक्री लगभग दोगुनी हो गई है। धनतेरस पर 500 से लेकर 1,000 तक ईवी दोपहिया वाहनों की डिलीवरी होने का पूरा अनुमान है।

बाजारों में सुरक्षा और व्यवस्था चाक-चौबंद

धनतेरस के चलते शहर के मुख्य व्यापारिक क्षेत्रों - सीताबर्डी, इतवारी, महल, धरमपेठ और गांधीबाग में देर रात तक खरीदारों की रेलमपेल बनी हुई है। भारी भीड़ को देखते हुए यातायात और पुलिस प्रशासन ने भी प्रमुख बाजारों में अतिरिक्त जवानों की तैनाती व पार्किंग की विशेष व्यवस्था की है, ताकि ग्राहकों और व्यापारियों दोनों को सुगम वातावरण मिल सके।

Created On :  

Tags

Next Story