नियोजन भवन में आंदोलन: बैठक रद्द होने से भड़के किसान, पालकमंत्री बावनकुले ने बुलाई थी प्रभावितों की बैठक

बैठक रद्द होने से भड़के किसान, पालकमंत्री बावनकुले ने बुलाई थी प्रभावितों की बैठक
  • विधायक डॉ. पोद्दार ने मौके पर पहुंचकर किसानों को शांत कराया
  • ऐन समय पर बैठक रद्द होने से प्रशासन के खिलाफ की नारेबाजी

डिजिटल डेस्क, नागपुर। थर्ड आउटर रिंग रोड से प्रभावित किसानों की समस्याओं को लेकर पालकमंत्री तथा राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने गुरुवार दोपहर 12.30 बजे सदर स्थित नियोजन भवन में बैठक बुलाई थी। बैठक में जिलाधीश, एनएमआरडीए आयुक्त, जिला अधीक्षक भूमि अभिलेख और जिला उपनिबंधक भी उपस्थित रहने वाले थे। प्रभावित किसानों को बैठक शुरू होने से पहले पहुंचकर अपनी समस्याएं रखने के निर्देश दिए गए थे।

इसके अनुसार जिलेभर से किसान नियोजन भवन पहुंचे, लेकिन ऐन समय पर बैठक रद्द कर दी गई। इससे नाराज किसानों ने सरकार और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। शेतकरी संघर्ष समिति ने आरोप लगाया कि इस घटना से स्पष्ट है कि प्रशासन को किसानों के समय की कोई चिंता नहीं है। समिति के अनुसार, कुछ अधिकारी बैठक में पहुंचे थे, लेकिन किसानों का आक्रोश देखकर वे सभागृह से बाहर निकल गए।

विधायक पोद्दार ने किया बीच-बचाव

विधायक डॉ. राजीव पोद्दार ने मौके पर पहुंचकर नाराज किसानों को शांत करने का प्रयास किया। उन्होंने किसानों से बातचीत कर बैठक रद्द होने की घटना पर खेद जताया। साथ ही थर्ड आउटर रिंग रोड से प्रभावित किसानों की समस्याओं को गंभीरता से लेने और उनकी पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले से मुलाकात करवाने का आश्वासन दिया। इसके बाद किसानों का गुस्सा शांत हुआ।

आश्वासन नहीं, ठोस निर्णय चाहिए

शेतकरी संघर्ष समिति ने प्रशासन पर किसानों की उपेक्षा करने का आरोप लगाते हुए बैठक रद्द होने की घटना का निषेध किया है। समिति का कहना है कि किसानों को केवल आश्वासन नहीं, बल्कि ठोस निर्णय चाहिए। किसानों को थर्ड आउटर रिंग रोड परियोजना का विरोध नहीं है, लेकिन जमीन की गणना से पहले मुआवजे को लेकर स्पष्ट नीति, पारदर्शी प्रक्रिया और किसानों के अधिकारों की लिखित गारंटी दी जानी चाहिए।

Created On :  

Tags

Next Story