धीमी रफ्तार पर नाराजगी: उपराजधानी के विकास कार्यों में देरी पर महापौर नाराज, जल्द पूरा करने के निर्देश

उपराजधानी के विकास कार्यों में देरी पर महापौर नाराज, जल्द पूरा करने के निर्देश
  • महत्वपूर्ण प्रकल्पों की समीक्षा कर कामों में तेजी लाने को कहा
  • शीतकालीन सत्र से पहले टाउन हॉल और मनपा मुख्यालय का प्रवेशद्वार पूरा करने पर जोर
  • तैयार प्रकल्पों के लोकार्पण के लिए सभी विभागों से एनओसी लेने के निर्देश

डिजिटल डेस्क, नागपुर। शहर में चल रहे विकास कार्यों की धीमी रफ्तार पर महापौर नीता ठाकरे ने नाराजगी जताई है। उन्होंने मनपा अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी महत्वपूर्ण प्रकल्पों का काम निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के लिए प्रयास तेज किए जाएं। अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच बेहतर समन्वय और संवाद बनाए रखने पर भी उन्होंने जोर दिया। साथ ही जो प्रकल्प पूरे हो चुके हैं, उनके लोकार्पण में देरी न हो, इसके लिए सभी संबंधित विभागों से आवश्यक एनओसी प्राप्त करने के निर्देश दिए।

बुधवार को आयोजित समीक्षा बैठक में महापौर ने मनपा के टाउन हॉल सहित शहर में जारी विभिन्न विकास कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में अनावश्यक देरी से बचना जरूरी है। विशेष रूप से आगामी विधिमंडल के शीतकालीन सत्र को देखते हुए महत्वपूर्ण प्रकल्पों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए।

बैठक में उपमहापौर लीला हाथीबेड, स्थायी समिति सभापति शिवानी दाणी, सत्ता पक्षनेता नरेंद्र (बाल्या) बोरकर, मनपा आयुक्त डॉ. विपीन, अतिरिक्त आयुक्त अंकित और मिलिंद मेश्राम, क्रीड़ा समिति सभापति दर्शनी धवड, स्वास्थ्य समिति सभापति मनीषा अतकरे, मुख्य वित्त व लेखा अधिकारी सदाशिव शेलके, मुख्य अभियंता लीना उपाध्ये, अधीक्षक अभियंता नरेश बोरकर और विजय गुरुबक्षानी, उपायुक्त राजेश भगत और गणेश राठोड सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

टाउन हॉल के काम को गति देने पर जोर

शीतकालीन सत्र के दौरान शहर के कई विकास प्रकल्पों का लोकार्पण प्रस्तावित है। इसे देखते हुए महापौर ने महाल स्थित राजे रघुजी नगर भवन (टाउन हॉल) के निर्माण कार्य की समीक्षा की और इसे गति देने का निर्देश दिया। उन्होंने शीतकालीन सत्र के दौरान ही टाउन हॉल का लोकार्पण करने की दृष्टि से आवश्यक तैयारियां पूरी करने को कहा।

इसके अलावा मिनीमातानगर में प्रस्तावित अस्पताल, क्वेटा कॉलोनी स्थित देवडिया अस्पताल, नरेंद्रनगर के फूड कोर्ट और वर्धा मार्ग पर प्राइड होटल के सामने डॉ. हेडगेवार चौक के सौंदर्यीकरण व फाउंटेन निर्माण कार्य की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने भांडेवाड़ी में फिश मार्केट का निर्माण दिसंबर तक पूरा करने की जानकारी दी। इसी परिसर में आवारा कुत्तों के लिए बनाए जा रहे डॉग शेल्टर का काम भी अंतिम चरण में बताया गया।

मनपा मुख्यालय के प्रवेशद्वार का काम जल्द पूरा करें

मनपा मुख्यालय के मुख्य प्रवेशद्वार का निर्माण कार्य भी जल्द पूरा करने की मांग सत्ता पक्षनेता नरेंद्र (बाल्या) बोरकर ने की। उन्होंने कहा कि शीतकालीन सत्र के मद्देनजर इस काम को प्राथमिकता से पूरा करना जरूरी है।

बैठक में जयताला स्थित वर्किंग वुमन हॉस्टल, लकड़गंज, केटीनगर, जूना बगड़गंज और गंजीपेठ के अग्निशमन केंद्रों के निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की गई। इसके साथ ही ऊंची इमारतों में आग बुझाने के लिए आवश्यक उपकरणों की खरीदी, जिजाऊ सेंटर का निर्माण और शंकरनगर में स्वयं सहायता बचत समूहों की महिलाओं के लिए प्रस्तावित जिजाऊ सेंटर के कामों की प्रगति पर भी चर्चा की गई।

Created On :  

Tags

Next Story