Nagpur News: मेडिकल के सेवानिवृत्त व्यक्ति को लगा 45.69 करोड़ का चूना

मेडिकल के सेवानिवृत्त व्यक्ति को लगा 45.69 करोड़ का चूना
  • क्रिप्टो व शेयर ट्रेडिंग के नाम पर साइबर अपराधियों ने दिया घटना को अंजाम
  • ठगी के लिए फर्जी ऐप का इस्तेमाल

Nagpur Newsमेडिकल अस्पताल से सेवानिवृत्त हुए व्यक्ति को करोड़ों रुपए से ठगे जाने का सनसनीखेज मामला उजागर हुआ है। घटना को साइबर अपराधियों ने ट्रेडिंग के नाम पर फर्जी ऐप के जरिए अंजाम दिया है। बुधवार को साइबर थाने में प्रकरण दर्ज किया गया है। आरोपियों का सुराग मिलना बाकी है। बरामद फोन नंबर, ई-मेल, ऐप और बैंक खातों के आधार पर मामले की पड़ताल जारी है।

वंजारी नगर निवासी (परिवर्तित नाम) अनिल (69) मेडिकल अस्पताल से सेवानिवृत्त हुए हैं। यह घटना 30 सितंबर से 27 अक्टूबर 2026 के दरमियान हुई है। टेलीग्राम ऐप पर सक्रिय दो साइबर अपराधियों से उनका संपर्क हुआ था। उन्होंने अनिल को अपना व्हाट्सएप नंबर दिया था। उस दौरान उन्हें क्रिप्टोकरेंसी और शेयर ट्रेडिंग के बारे में बताया गया। उसमें निवेश करने पर कम समय में ज्यादा लाभ मिलने का लालच दिया गया।

झांसे में आने के कारण अनिल ने शुरुआत में मामूली रकम निवेश की थी। दो-तीन बार निवेश की गई रकम पर उन्हें लाभ मिला। इससे अनिल के मन में और पैसा कमाने का लालच जाग गया और जिन अपराधियों ने उन्हें निवेश करने के लिए कहा था, वे उन पर भी विश्वास करने लगे।

झांसे का दायरा बढ़ाते हुए साइबर अपराधियों ने फर्जी ऐप की लिंक अनिल को भेजी और उसमें निवेश करने के लिए कहा। बड़ी रकम निवेश करने से बड़ा लाभ मिलने की सोच के साथ अनिल ने 45 करोड़ 69 लाख 18 हजार 750 रुपए का निवेश कर दिया। इस रकम पर उन्हें ऑनलाइन तो मुनाफा दर्शाया जा रहा था, लेकिन चाहकर भी वे उस रकम को निकाल (कैश) नहीं पा रहे थे। संपर्क करने पर आरोपी उन्हें और निवेश करने के लिए जोर दे रहे थे। आखिर में वे गाली-गलौज पर उतर आए। इससे अनिल को खुद के ठगे जाने का अहसास हो गया। अंततः वे पुलिस के पास पहुंचे और प्रकरण दर्ज कराया। इतनी बड़ी रकम के निवेश से यह सवाल उठ रहा है कि आखिरकार एक सेवानिवृत्त व्यक्ति के पास निवेश करने के लिए इतनी रकम आई कहाँ से? फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आगे की पड़ताल जारी है।

Created On :  

Tags

Next Story