इनोवेशन चैलेंज: 1 लाख 7 हजार प्रतिभागियों का हुआ पंजीयन, 50 विजेताओं को दिए जाएंगे 10 - 10 लाख रुपए के कार्यादेश

1 लाख 7 हजार प्रतिभागियों का हुआ पंजीयन, 50 विजेताओं को दिए जाएंगे 10 - 10 लाख रुपए के कार्यादेश
  • 50 विजेताओं को दिए जाएंगे 10- 10 लाख रुपए के कार्यादेश
  • इनोवेशन चैलेंज के लिए 1 लाख 7 हजार प्रतिभागियों का पंजीयन

डिजिटल डेस्क, मुंबई. प्रदेश सरकार के कौशल, रोजगार, उद्यमिता एवं नवाचार विभाग की तरफ से आयोजित महाराष्ट्र जोन की नवाचार प्रतियोगिता को ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ के लिए कुल 1 लाख 7 हजार 603 प्रतिभागियों ने पंजीयन कराया है। इनमें से महाराष्ट्र के 71 हजार 532 प्रतिभागियों का समावेश है। महाराष्ट्र के प्रतिभागियों ने 13 हजार 367 नवाचार का आइडिया पेश किया है। इन प्रतियोगिता के 50 विजेताओं को प्रत्येक को 10 लाख रुपए के कार्यादेश प्रदान किए जाएंगे। इसके लिए कुल 5 करोड़ रुपये की निधि उपलब्ध कराई जाएगी। मंगलवार को मंत्रालय में प्रदेश के कौशल, रोजगार, उद्यमिता एवं नवाचार मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा ने यह जानकारी दी। लोढ़ा ने बताया कि नवंबर के आखिर में मुंबई याफिर नागपुर में लगभग 3 हजार लोगों की मौजूदगी में नवाचार मेला आयोजित किया जाएगा। इसमें विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। इस नवाचार मेले के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आमंत्रित किया है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने प्रधानमंत्री को पत्र भी लिखा है।

लोढ़ा ने बताया कि महाराष्ट्र जोन में महाराष्ट्र, गोवा, छत्तीसगढ़ के अलावा दादरा- नगर हवेली और दमन- दीव का समावेश है। लोढ़ा ने बताया कि विजेताओं को चिन्हित करने के लिए प्रत्येक जिले में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में समिति का गठन किया गया है। लोढ़ा ने बताया कि प्रतिभागियों ने कृषि क्षेत्र के लिए 1983, ऊर्जा व जलवायु परिवर्तन के लिए 1976, शिक्षा व रोजगार के लिए 1759, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, ब्लॉकचेन एवं अन्य तकनीक के लिए 1610 समेत अन्य क्षेत्रों के लिए नवाचार पूर्ण अवधारणाएं पेश की हैं। लोढ़ा ने कहा कि प्रतिभागियों को केवल पुरस्कारों तक सीमित नहीं रखा जाएगा। सीएम महाफंड योजना के तहत 30 लाख युवाओं में से चिन्हित एक लाख युवाओं को 5 से 10 लाख रुपए तक कम ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध कराया जाएगा।

Created On :  

Tags

Next Story