प्रत्येक वर्ष मुंबई में एक महीने का खादी महोत्सव आयोजित करें - राज्यपाल

प्रत्येक वर्ष मुंबई में एक महीने का खादी महोत्सव आयोजित करें - राज्यपाल
  • हवाई अड्डे पर स्थायी रूप से शुरू किया जाए खादी विक्री केंद्र
  • एक महीने का खादी महोत्सव आयोजित करें

डिजिटल डेस्क, मुंबई. राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा ने महाराष्ट्र राज्य खादी व ग्रामोद्योग मंडल (बोर्ड) को ग्रामीण उद्यमिता को गति देने के लिए विकसित भारत 2047 का व्यापक विकास प्रारूप तैयार करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक वर्ष मुंबई में एक महीने का ‘महाराष्ट्र खादी व ग्रामोद्योग महोत्सव’ आयोजित करें। इस खादी महोत्सव में उत्पाद की प्रदर्शनी, फैशन शो और खरीददार-विक्रेता सम्मेलन आयोजित किया जाए। हवाई अड्डे जैसे स्थलों पर खादी व ग्रामोद्योग उत्पादों का स्थायी रूप से विक्री केंद्र शुरू करें। इसके साथ ही स्वतंत्र डिजिटल मंच भी विकसित करें। इससे स्थानीय उत्पादकों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार उपलब्ध होने में मदद मिल सकेगी। मंगलवार को महाराष्ट्र राज्य खादी व ग्रामोद्योग मंडल की ओर से ‘ग्रामोद्योग भरारी (उड़ान) सन्मान पुरस्कार 2025 व 2026 वितरित किया गया। लोकभवन (राजभवन) में आयोजित कार्यक्रम में राज्यपाल के हाथों विभिन्न जिलों के सफल 11 ग्रामोद्योग उद्यमियों को सम्मानित किया।

इस मौके पर प्रदेश के उद्योग मंत्री उदय सामंत और महाराष्ट्र राज्य खादी व ग्रामोद्योग मंडल के सभापति रवींद्र साठे, राज्य की सूक्ष्म, लघु व मध्यम उद्योग आयुक्त तथा महाराष्ट्र लघु उद्योग विकास महामंडल (एमएसएसआईडीसी) की प्रबंध निदेशक प्रेरणा देशभ्रतार, महाराष्ट्र राज्य खादी व ग्रामोद्योग मंडल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी लक्ष्मण राऊत मौजूद थे। राज्यपाल ने कहा कि प्रधानमंत्री रोजगार निर्मिती (सृजन) कार्यक्रम, पीएम विश्वकर्मा योजना और मुख्यमंत्री रोजगार निर्मिती कार्यक्रम जैसी योजनाओं के जरिए नए उद्यमियों को प्रोत्साहन दें। राज्यपाल ने शहद के गांव की परिकल्पना को सराहा। राज्य में दस गांवों को शहद के गांव के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसके लिए सरकार ने 5 करोड़ 2 लाख रुपए का प्रावधान किया गया है।

पुरस्कार राशि दोगुना की जाएगी - उदय सामंत

प्रदेश के उद्योग मंत्री उदय सामंत ने कहा कि खादी व ग्रामोद्योग क्षेत्र के उद्यमियों को प्रोत्साहन देने के लिए अगले साल से ‘ग्रामोद्योग भरारी पुरस्कारां’ की नकद राशि दोगुना की जाएगी।

इनको मिला पुरस्कार

साल 2025 का प्रथम पुरस्कार ठाणे जिले की ‘प्रगत महिला गृह उद्योग’ की रक्षा रमेश वागे को 15 हजार रुपए का दिया गया। जबकि साल 2026 का प्रथम पुरस्कार अहिल्यानगर के ‘ब्राम्हनाथ फार्मा’ उद्योग के पारस दिलीप गोले को 15 हजार रुपए का प्रदान किया गया। इसके अलावा अन्य लोगों को भी पुरस्कार दिया गया।

Created On :  

Tags

Next Story