Dia Mirza Diwali Video Controversy: दिया मिर्जा वीडियो मामले में बॉम्बे हाईकोर्ट ने जताई नाराजगी, कहा - 'भारत धर्मनिरपेक्ष देश', BMC को दिया दोबारा अपलोड करने का आदेश

दिया मिर्जा वीडियो मामले में बॉम्बे हाईकोर्ट ने जताई नाराजगी, कहा - भारत धर्मनिरपेक्ष देश, BMC को दिया दोबारा अपलोड करने का आदेश
दीया मिर्जा वीडियो मामले में बॉम्बे हाईकोर्ट ने बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) को फटकार लगाई है। इसके साथ ही हाईकोर्ट ने BMC को एक्ट्रेस का दिवाली वाला वीडियो दोबारा अपलोड करने का आदेश दिया है।

डिजिटल डेस्क, मुंबई। दीया मिर्जा वीडियो मामले में बॉम्बे हाईकोर्ट ने बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) को फटकार लगाई है। इसके साथ ही हाईकोर्ट ने BMC को एक्ट्रेस का दिवाली वाला वीडियो दोबारा अपलोड करने का आदेश दिया है। वीडियो में दिया ने लोगों से ग्रीन पटाखे जलाने की अपील की थी।

वीडियो पर सियासत दुर्भाग्यपूर्ण

जस्टिस गिरीश कुलकर्णी और जस्टिस नीला गोखले की बेंच ने कहा कि संविधान देश के नागरिकों से धर्मनिरपेक्ष भावना को बनाके रखने की अपेक्षा करता है। पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने वाले वीडियो पर सियासत करना दुर्भाग्यपूर्ण है।

जस्टिस गोखले ने कहा, यह मामला पूरी तरह से पर्यावरण से जुड़ा है। हर व्यक्ति, चाहे वो कोई भी हो, एक ही हवा में सांस लेना चाहता है। पटाखे जलाने पर रोक लगाना यह नहीं है कि कोई आपका अधिकार छीन रहा है।

क्या है मामला?

मुंबई में बढ़ते प्रदूषण के मद्देनजर बॉम्बे हाईकोर्ट ने आतिशबाजी को लेकर दिशानिर्देश जारी किए थे। इनके पालन के लिए BMC सार्वजनिक गलियों, फुटपाथों और सड़कों पर पटाखे फोड़ने पर रोक लगा दी थी। वहीं लोगों को जागरूक करने के लिए BMC ने कई सेलिब्रिटी के साथ वीडियो बनाए थे, जिनमें इको-फ्रेंडली दिवाली सेलिब्रेट करने की अपील की गई थी।

इसी के अंतर्गत एक्ट्रेस दीया मिर्जा का वीडियो भी बीएमसी ने सोशल मीडिया पर अपलोड किया था। इस वीडियो पर बीजेपी नेताओं ने आपत्ति जताई थी। मुंबई बीजेपी प्रमुख अमित साटम ने कहा था कि हमें त्योहार कैसे मनाना है, ये किसी से सीखने की जरूरत नहीं है। इतना ही नहीं उन्होंने पटाखे जलाने से रोकने वालों को 'टुकड़े-टुकड़े गैंग' का हिस्सा बताया था।

इसके बाद बीएमसी ने दिया मिर्जा का वीडियो सोशल मीडिया से हटा दिया था। वहीं, माधुरी दीक्षित, निशिगंधा वाड और क्रिकेटर अजिंक्य रहाणे समेत अन्य सेलिब्रिटी के वीडियो को नहीं हटाया था।

समर्थन में उतरी कांग्रेस-शिवसेना

वीडियो को हटाए जाने के बाद दीया मिर्जा ने प्रतिक्रिया दी। एक्ट्रेस ने लिखा, 'कोई पैसे नहीं लिए हैं। भलाई का जमाना ही नहीं रहा।' वहीं विपक्षी दल शिवसेना (यूबीटी) और कांग्रेस दीया के समर्थन में उतर आए। आदित्य ठाकरे ने कहा कि बीएमसी ने आधिकारिक लेटर देकर दिया से वीडियो बनवाया था। बीजेपी पर आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि बीजेपी किसी भी स्तर पर सरकार नहीं चला सकती। वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष वर्षा गायकवाड़ ने कहा कि बीजेपी हर मुद्दे को धर्म से जोड़ती है।

Created On :  

Tags

Next Story