Nagpur News: गोधनी में अतिक्रमण कार्यवाही रात भर चली, 7 शेड समेत बिरयानी सेन्टर ढहाए
Nagpur News मंगलवार को गोधनी रोड पर मानकापूर के समीप दुर्घटना में महिला की मौत के बाद रात भर अतिक्रमण निर्मूलन कार्रवाई जारी रही। मनपा की मुख्य अभियंता लीना उपाध्ये, अतिक्रमण निर्मूलन विभाग के सहायक आयुक्त संजय कांबले के नेतृत्व में दो दल ने रात भर परिसर के 7 शेड समेत गारवा बिरयानी सेन्टर के शेड को ढहाया। इस कार्रवाई के बाद भी परिसर में करीब 25 से अधिक शेड बने हुए है। इन शेड पर बुधवार की दोपहर सहायक आयुक्त संजय कांबले के नेतृत्व में दो दलों ने कार्रवाई आरंभ कर दी है। पूरे इलाके में अनेक घरों के सामने अतिक्रमण कर व्यावसायिक गतिविधियों को आरंभ कर दिया गया है। ऐसे में वाहनों की आवाजाही में खासी परेशानी हो रही है।
महानगरपालिका के दो दस्तों के साथ ही नागपुर सुधार प्रन्यास के एक दल ने गोधनी रोड पर बुधवार को दोपहर में अतिक्रमण निर्मूलन कार्रवाई आरंभ कर दी। कार्रवाई में 25 से अधिक शेड को तोड़ने के लिए चिन्हित किया गया है। रास्ते तक अतिक्रमण के चलते वाहन चालकों को खासी परेशानी हो रही है। नासुप्र से अधूरे निर्माणकार्य से भी परिसर में दिक्कत हो रही है। ऐसे में महिला की मौत के बाद प्रशासन की नींद खुली है।
महल में तनाव के बीच कार्रवाई : महल में दो टीम सेन्ट्रल टीम अतिक्रमण कार्रवाई कर रही है, जबकि सीताबर्डी के मेन रोड पर भी केन्द्रीय अतिक्रमण पथक के दो दलों के साथ धरमपेठ जोन से दिन भर कार्रवाई की गई। महल में कार्रवाई के दौरान हाकर्स और अतिक्रमण तोड़ने वाले दस्ते के बीच खासी बहस हुई। हाकर्स का तर्क है कि स्थानीय विधायक प्रवीण दटके से दीपावली के दौरान पांच दिनों तक दुकानों को लगाने की अनुमति दी गई है, जबकि मनपा के अतिक्रमण विभाग से सभी तर्क को खारिज कर कार्रवाई आरंभ कर दी गई। काफी तनावपूर्ण वातावरण में हाकर्स को हटाकर बड़े पैमाने पर सामग्री को जब्त किया गया।
Created On :  




