जानलेवा कारोबार: अंबाझरी में नायलॉन मांजे का बड़ा जखीरा पकड़ा, फ्लैट में छिपाकर रखा था - 19 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार

अंबाझरी में नायलॉन मांजे का बड़ा जखीरा पकड़ा, फ्लैट में छिपाकर रखा था - 19 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार
  • मानव तस्करी विरोधी और सामाजिक सुरक्षा दस्ते की संयुक्त कार्रवाई
  • मोनो काइट नायलॉन मांजे के 53 नग जब्त, कीमत 1.59 लाख रुपए
  • बिक्री के लिए फ्लैट में छिपाकर रखा था प्रतिबंधित मांजा
  • बिक्री के लिए जमा किया था स्टॉक

डिजिटल डेस्क, नागपुर। प्रतिबंध के बावजूद शहर में नायलॉन मांजे की अवैध बिक्री का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। पतंगबाजी के मौसम में जानलेवा मांजे का कारोबार करने वालों पर पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में अंबाझरी थाना क्षेत्र में क्राइम ब्रांच के मानव तस्करी विरोधी दस्ते और सामाजिक सुरक्षा दस्ते ने संयुक्त कार्रवाई कर नायलॉन मांजे का बड़ा जखीरा पकड़ा। पुलिस ने एक 19 वर्षीय युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से मोनो काइट नायलॉन मांजे के 53 नग जब्त किए। जब्त माल की कीमत 1 लाख 59 हजार रुपए बताई गई है।

फ्लैट में छिपाकर रखा था मांजा

पुलिस सूत्रों के अनुसार, 4 नवंबर को दोपहर 2.10 से 3 बजे के बीच पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि अंबाझरी रोड स्थित शंकर नगर चौक के विजय अपार्टमेंट में प्रतिबंधित नायलॉन मांजे का स्टॉक रखा गया है। सूचना मिलते ही मानव तस्करी विरोधी और सामाजिक सुरक्षा दस्ते की टीम ने मौके पर पहुंचकर जाल बिछाया। फ्लैट नंबर 303 में तलाशी लेने पर पुलिस को प्रतिबंधित मोनो काइट नायलॉन मांजे के 53 नग मिले। मौके से अधीशराज वीरेंद्र झा (19) को हिरासत में लिया गया।

बिक्री के लिए जमा किया था स्टॉक

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने प्रतिबंधित मांजा बिक्री के उद्देश्य से अवैध रूप से जमा कर रखा था। पुलिस ने पूरा स्टॉक जब्त कर लिया। आरोपी के खिलाफ पर्यावरण संरक्षण अधिनियम 1986 की धारा 5 और 15 तथा भारतीय न्याय संहिता की धारा 223 के तहत अंबाझरी थाने में मामला दर्ज किया गया है। आगे की जांच और कार्रवाई के लिए आरोपी को अंबाझरी पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस निरीक्षक दर्शन पाटील के नेतृत्व में दोनों दस्तों ने यह कार्रवाई की।

Created On :  

Tags

Next Story