करतूत: कोल्ड स्टोरेज और मशीन खरीदी के नाम पर दालमिल संचालक को 75 लाख 76 हजार का लगाया चूना

कोल्ड स्टोरेज और मशीन खरीदी के नाम पर दालमिल संचालक को 75 लाख 76 हजार का लगाया चूना
  • कोल्ड स्टोरेज बनाने का दिया था झांसा
  • रकम लेने के बाद भी नहीं दी मशीन
  • दंपति सहित तीन आरोपियों ने दिया धोखाधड़ी को अंजाम
  • लकड़गंज थाने में धोखाधड़ी का मामला दर्ज

डिजिटल डेस्क, नागपुर। कोल्ड स्टोरेज बनाने और उसके लिए मशीनें खरीदने का झांसा देकर दंपति सहित तीन लोगों ने दालमिल संचालक को 75.76 लाख रुपए का चूना लगा दिया। आरोपियों ने पहले कोल्ड स्टोरेज बनाने के नाम पर रकम ली और बाद में मशीनों की खरीदी के बहाने किश्तों में लाखों रुपए ऐंठ लिए। इसके बावजूद न तो कोल्ड स्टोरेज तैयार किया और न ही मशीनें उपलब्ध कराईं। शिकायत के आधार पर लकड़गंज पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।

कोल्ड स्टोरेज बनाने का दिया था प्रस्ताव

शिकायतकर्ता लक्ष्मी दालमिल के संचालक अमितकांत मोटवानी (41), सूर्यनगर निवासी हैं। आरोपियों में नरेंद्र काशिवार (49), उसकी पत्नी उज्ज्वला नरेंद्र काशिवार और उनका पार्टनर राहुल ठाकरे (41), महल निवासी शामिल हैं। आरोपियों ने 13 अप्रैल 2023 से 5 नवंबर 2026 के बीच इस वारदात को अंजाम दिया। दालमिल संचालक होने के कारण अमितकांत की आरोपियों से पहचान हुई थी। उन्होंने बताया था कि सोमलवाड़ा में उनकी एन.एक्स. रेफ्रिजरेशन प्राइवेट लिमिटेड नामक कंपनी है, जो कोल्ड स्टोरेज बनाने का काम करती है। आरोपियों ने अमितकांत को उसकी दालमिल में भी कोल्ड स्टोरेज बनाने की सलाह दी।

मशीनों के नाम पर भी ऐंठी रकम

इसके लिए नरेंद्र ने कोटेशन दिया और दोनों पक्षों के बीच लिखित समझौता हुआ। इस पर दोनों पक्षों के हस्ताक्षर भी थे। आरोपियों के झांसे में आकर अमितकांत ने शुरुआत में उन्हें 21 लाख रुपए दिए। इसके बाद आरोपियों ने मशीनें खरीदने के नाम पर अलग-अलग किश्तों में उससे कुल 75.76 लाख रुपए ले लिए। रकम लेने के बावजूद आरोपियों ने अब तक मशीनें उपलब्ध नहीं कराईं। अपने साथ हुई धोखाधड़ी का पता चलने पर अमितकांत ने पुलिस से शिकायत की। प्रारंभिक जांच में मामले की पुष्टि होने के बाद लकड़गंज पुलिस ने दंपति सहित तीनों आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Created On :  

Tags

Next Story