खुलासा: बिश्नोई गैंग के नाम से रंगदारी मामले में फर्जी इंस्टा आईडी के जरिए 50 से ज्यादा फिल्म कलाकारों को भेजी थी धमकी

बिश्नोई गैंग के नाम से रंगदारी मामले में फर्जी इंस्टा आईडी के जरिए 50 से ज्यादा फिल्म कलाकारों को भेजी थी धमकी
  • आरोपी वैभव की होगी किला कोर्ट में पेशी
  • बिश्नोई गैंग के नाम से रंगदारी मामले में खुलासा

डिजिटल डेस्क, मुंबई. अभिनेता तुषार कपूर और आयुष्मान खुराना को बिश्नोई गैंग के नाम से धमकी देकर रंगदारी मांगने के मामले में आरोपी वैभव मिश्रा से पूछताछ में पता चला है कि वह अब तक 50 से ज्यादा फिल्म कलाकारों को धमकी भेज चुका है। उसे मुंबई क्राइम ब्रांच ने बेंगलूरु से गिरफ्तार किया है। जांच के अनुसार आरोपी इंस्टाग्राम पर फर्जी नामों से आईडी बनाकर यह काम कर रहा था। क्राइम ब्रांच के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि अभिनेताओं की शिकायतों पर तकनीकी सर्विलांस और प्रोफाइल के डिजिटल फूटप्रिंट्स का गहराई से विश्लेषण किया गया। जिसके आधार पर आरोपी की सही लोकेशन बेंगलूरु में ट्रेस हुई और एक विशेष टीम को वहां रवाना कर आरोपी को दबोच लिया गया।

सूत्रों के मुताबिक पूछताछ के दौरान वैभव मिश्रा ने स्वीकार किया है कि उसका दायरा सिर्फ तुषार कपूर और आयुष्मान खुराना तक सीमित नहीं था। जबकि धमकी देकर रंगदारी मांगने का सिलसिला उसने अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हुए हमले के बाद शुरू किया था। हालांकि आरोपी ने अन्य किन फिल्म कलाकारों को धमकी भेजी थी इसका खुलासा क्राइम ब्रांच ने नहीं किया है। अधिकारियों का मानना है कि आरोपी से विस्तृत और आमने-सामने की पूछताछ के बाद ही अन्य पीड़ितों के नामों पर आधिकारिक मुहर लगेगी। इस बीच ट्रांजिट रिमांड की कागजी कार्रवाई पूरी न हो पाने के कारण आरोपी को गुरुवार को क्राइम ब्रांच की टीम बेंगलूरु से मुंबई लेकर पहुंची। पुलिस शुक्रवार को उसे स्थानीय किला कोर्ट में पेश करेगी, जहां पूछताछ के लिए उसकी पुलिस कस्टडी मांगी जाएगी।

Created On :  

Tags

Next Story