शिकंजा: अभिनेता तुषार कपूर,आयुष्मान खुराना समेत कई सितारों को धमकी देकर उगाही मांगने वाला गिरफ्तार आरोपी पेशे से आईटी इंजीनियर

अभिनेता तुषार कपूर,आयुष्मान खुराना समेत कई सितारों को धमकी देकर उगाही मांगने वाला गिरफ्तार आरोपी पेशे से आईटी इंजीनियर
  • कई सितारों को बिश्नोई गैंग के नाम से धमकी भेजकर माँगी थी रंगदारी
  • बैंगलोर से एक आरोपी को किया गिरफ्तार
  • पेशे से आईटी इंजीनियर है आरोपी

डिजिटल डेस्क, मुंबई. फ़िल्म अभिनेता तुषार कपूर और आयुष्मान खुराना को कुख्यात बिश्नोई गैंग के नाम से धमकी देकर भारी-भरकम उगाही मांगने के मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। क्राइम ब्रांच की क्राइम इंटेलिजेंस यूनिट (सीआईयू) ने इस हाई-प्रोफाइल मामले में तकनीकी सुरागों के आधार पर कार्रवाई करते हुए बैंगलोर से एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान वैभव मिश्रा(30) के रूप में हुई है, जो पेशे से एक आईटी इंजीनियर है और बैंगलोर की एक निजी कंपनी में कार्यरत है। पुलिस उपायुक्त राजतिलक रौशन ने बताया कि आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर मुंबई लाया जा रहा है और उसे आज अदालत में पेश कर पुलिस कस्टडी की मांग की जाएगी।

इंस्टाग्राम और ऑडियो क्लिप का किया था इस्तेमाल

मुंबई क्राइम ब्रांच के सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, आरोपी ने बेहद शातिर तरीके से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम का इस्तेमाल कर इन फिल्मी हस्तियों को निशाना बनाया था। आरोपी ने तुषार कपूर और आयुष्मान खुराना समेत कई अन्य बॉलीवुड सितारों को इंस्टाग्राम के जरिए ऑडियो क्लिप भेजकर धमकाया था। उसने तुषार कपूर से 5 करोड़ रुपये और आयुष्मान खुराना से भी करोड़ों की रंगदारी की मांग की थी। जब इन जाने-माने सितारों को इस तरह की गंभीर धमकियां मिलीं, तो उन्होंने बिना देर किए इसकी शिकायत सीधे मुंबई पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से की, जिसके बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी जांच क्राइम ब्रांच की सीआईयू को सौंप दी गई थी।

प्रैंक के इरादे से दिया था घटना को अंजाम या इसके पीछे है कोई बड़ा षड्यंत्र?

प्रारंभिक पूछताछ और पुलिस की शुरुआती जांच में एक चौंकाने वाला पहलू सामने आया है। आरोपी ने दावा किया है कि उसने यह सब केवल प्रैंक करने और मस्ती के इरादे से किया था ताकि वह बॉलीवुड सितारों में हड़कंप मचा सके। हालांकि, पुलिस इस थ्योरी पर पूरी तरह आंख मूंदकर भरोसा नहीं कर रही है। जांच एजेंसियां इस बात की गहराई से छानबीन कर रही हैं कि क्या इस आईटी इंजीनियर का वास्तव में किसी आपराधिक गिरोह या लॉरेंस बिश्नोई गैंग से कोई सीधा संपर्क है या यह सिर्फ किसी की बड़ी साजिश का हिस्सा है। इस गिरफ्तारी के बाद मुंबई पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस आरोपी ने किन-किन अन्य अभिनेताओं और सेलिब्रिटीज को अपना निशाना बनाया है। पुलिस का मानना है कि अदालत में रिमांड मिलने के बाद पूछताछ के दौरान कई और चौंकाने वाले खुलासे हो सकते हैं।

Created On :  

Tags

Next Story