Beed News: फर्जी खेल प्रमाणपत्र के विवाद में युवक ने की आत्महत्या, कई लोगों पर मामला दर्ज

Beed News पुलिस भर्ती में कथित फर्जी खेल प्रमाणपत्र के विवाद और उसके बाद पैदा हुए मानसिक तनाव के चलते 28 वर्षीय युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। आत्महत्या से 4 दिन पहले युवक ने वॉइस रिकॉर्डिंग की थी, जिसमें उसने अपनी मौत के लिए कुछ लोगों को जिम्मेदार बताया था। इस मामले में बीड ग्रामीण पुलिस ने नागनाथ साबले, कुराश संगठन के प्रतिनिधियों सहित अन्य लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया है।
आत्महत्या करने वाले युवक की पहचान बीड तहसील के नवगण राजुरी निवासी वैभव छगन चव्हाण (28) के रूप में हुई है। पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, वैभव पिछले साढ़े 3 वर्षों से पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहा था।
खेल प्रमाणपत्र को लेकर की थी शिकायत : इसी दौरान धाराशिव जिला पुलिस भर्ती में खेल कोटे से एक उम्मीदवार का चयन हुआ था। वैभव ने इस चयन को लेकर जानकारी जुटाई तो कथित तौर पर सामने आया कि नागनाथ साबले का चयन हुआ है और उन्हें कुराश संगठन की ओर से फर्जी खेल प्रमाणपत्र दिया गया था। इस संबंध में वैभव ने पुणे के बालेवाड़ी स्थित खेल आयुक्त कार्यालय में शिकायत भी दर्ज कराई थी।
मौत से पहले बनाई थी वॉइस रिकॉर्डिंग : शिकायत के बाद संबंधित लोगों द्वारा पीछा किए जाने के कारण वैभव मानसिक तनाव में था। बताया गया है कि 1 नवंबर 2026 को उसने अपने मोबाइल फोन पर वॉइस रिकॉर्डिंग की थी। इसमें उसने अपनी मौत के लिए जिम्मेदार लोगों के नाम लिए थे और यह रिकॉर्डिंग भेजी थी।
मंदिर के पास पेड़ से लटका मिला शव : 5 नवंबर 2026 की सुबह इमामपुर क्षेत्र में ज्योतिबा मंदिर के पास एक नींबू के पेड़ से नायलॉन की रस्सी के सहारे वैभव का शव लटका मिला। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। : मृतक के भाई गणेश छगन चव्हाण की शिकायत पर बीड ग्रामीण पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की धारा 108 और 3(5) के तहत नागनाथ साबले, कुराश संगठन के प्रतिनिधियों सहित अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। मामले की आगे की जांच पुलिस निरीक्षक सोमनाथ जाधव कर रहे हैं।
यह भी पढ़े -रचा इतिहास, यूनिट नंबर 8 का नया रिकॉर्ड, यूनिट नंबर 8 ने लगातार 100 दिनों तक किया बिजली उत्पादन
Created On :  


