Mumbai News: बिश्नोई गैंग का मुख्य हैंडलर हैरी बॉक्सर अमेरिका में गिरफ्तार, भारत लाने के लिए प्रत्यर्पण प्रक्रिया शुरू

बिश्नोई गैंग का मुख्य हैंडलर हैरी बॉक्सर अमेरिका में गिरफ्तार, भारत लाने के लिए प्रत्यर्पण प्रक्रिया शुरू
  • अमेरिका से बिश्नोई गैंग को कर रहा था ऑपरेट
  • रोहित शेट्टी के घर पर अंधाधुंध फ़ायरिंग में निभाई थी बड़ी भूमिका
  • मुंबई पुलिस ने वांटेड आरोपी घोषित कर जारी किया था एलओसी
  • अभिनेता रणवीर सिंह समेत कई अन्य बॉलीवुड सितारों को भी दी थी धमकी

Mumbai News अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पैर पसार चुके भारतीय संगठित अपराध सिंडिकेट के खिलाफ भारतीय सुरक्षा एजेंसियों को बड़ी और रणनीतिक सफलता मिली है, जबकि बिश्नोई गैंग को एक और बड़ा झटका मिला है। लॉरेंस बिश्नोई गैंग की रीढ़ और विदेशी सरगना के रूप में काम कर रहे कुख्यात गैंगस्टर हरिचंद जाट उर्फ हैरी बॉक्सर को अमेरिका के कैलिफोर्निया में वहां की सुरक्षा एजेंसियों ने गिरफ्तार कर लिया है। मुंबई क्राइम ब्रांच, दिल्ली स्पेशल सेल और हरियाणा पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स द्वारा दिए गए सटीक और ठोस खुफिया इनपुट्स के आधार पर अमेरिकी कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने यह कार्रवाई की। हैरी बॉक्सर की गिरफ्तारी के साथ ही भारतीय गृह और विदेश मंत्रालय के निर्देश पर केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने नोडल एजेंसी के तौर पर उसके भारत प्रत्यर्पण की कानूनी कागजी प्रक्रिया बेहद तेज कर दी है। जाँच एजेंसियों से जुड़े सूत्रों की मानें तो भारत प्रत्यर्पित होने के बाद उसकी कस्टडी सबसे पहले हरियाणा एसटीएफ़ को मिलने के पूरे आसार हैं।

अमेरिका की सरजमीं से भारत में फैला रखा था खौफ का जाल

वर्ष 2022 में भारत से जाली दस्तावेजों के सहारे फरार होने के बाद हैरी बॉक्सर अमेरिका में बैठकर बिश्नोई सिंडिकेट का सबसे बड़ा इंटरनेशनल हैंडलर बन चुका था। वह अमेरिका में ही बैठकर बिश्नोई गैंग को ऑपरेट कर रहा था और भारत के बड़े बिल्डरों, उद्योगपतियों और बॉलीवुड हस्तियों से करोड़ों रुपये की रंगदारी वसूलने का पूरा नेटवर्क चला रहा था। उसके इशारे पर भारत में मौजूद गैंग के शूटर बड़ी- बड़ी वारदातों को अंजाम देते थे। मुंबई, दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान और पंजाब में उसके खिलाफ हत्या, जानलेवा हमले, रंगदारी और आर्म्स एक्ट के तहत दर्जनों संगीन आपराधिक मामले दर्ज हैं।

बॉलीवुड में दहशत, रोहित शेट्टी के घर फायरिंग और सितारों को धमकियां

फिल्म जगत को निशाने पर लेकर खौफ पैदा करने की बिश्नोई गैंग की साजिशों में हैरी बॉक्सर की केंद्रीय भूमिका रही है। 1 फरवरी 2026 को मशहूर फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के मुंबई स्थित आवास के बाहर हुई अंधाधुंध फायरिंग का मास्टरमाइंड हैरी बॉक्सर ही था। वारदात के तुरंत बाद उसने एक ऑडियो क्लिप और सोशल मीडिया पोस्ट जारी कर इस हमले की जिम्मेदारी ली थी। ऑडियो संदेश में उसने खुलेआम धमकी देते हुए कहा था कि यह हमला तो महज एक छोटा ट्रेलर था। इस हाई-प्रोफाइल वारदात के बाद मुंबई पुलिस ने उसे वांटेड घोषित करते हुए उसके ख़िलाफ़ लुकआउट सर्कुलर(एलओसी) जारी किया था। इसके अतिरिक्त उसने इसी साल बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह को ऑडियो क्लिप के ज़रिए धमकी भेजकर उगाही की माँग थी। क्राइम ब्रांच की जाँच में ऑडियो क्लिप में उसकी ही आवाज़ होने की पुष्टि भी हुई थी, जिसके बाद हैरी बॉक्सर के ख़िलाफ़ केस दर्ज किया गया था। कॉमेडियन कपिल शर्मा के कनाडा स्थित कैफे पर हुई फायरिंग में भी मुख्य साजिशकर्ता के रूप में बॉक्सर की भूमिका सामने आई थी।

बॉक्सिंग रिंग से अपराध के दलदल तक का सफर

राजस्थान के कोटपूतली-बहरोड़ जिले के बामसूड़ गांव का रहने वाला हरिचंद जाट एक समय राष्ट्रीय स्तर का एथलीट बनने का सपना देख रहा था। जयपुर में अपनी पढ़ाई के दौरान उसने मुक्केबाजी के गुर सीखे, जिससे उसका नाम हैरी बॉक्सर पड़ा। वह प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के साथ-साथ युवाओं को मुक्केबाजी की कोचिंग भी देता था, लेकिन जल्द ही वह आसान पैसों और जरायम की दुनिया के लालच में लॉरेंस बिश्नोई व गोल्डी बराड़ गैंग के संपर्क में आ गया। अपनी रणनीतिक सोच और निडरता के कारण वह गैंग का मुख्य योजनाकार बन गया और फर्जी पासपोर्ट पर विदेश भाग निकला। हाल के दिनों में अमेरिका में गैंगस्टर हिमांशु भाऊ और नीरज फरीदपुरिया के बाद हैरी बॉक्सर की गिरफ्तारी को बिश्नोई गैंग के विदेशी नेटवर्क के लिए रीढ़ तोड़ने वाला प्रहार माना जा रहा है। लॉरेंस बिश्नोई और अनमोल बिश्नोई पहले ही जेल के बंद हैं।

Created On :  

Tags

Next Story