नागपुर विद्यापीठ: मास्टर डिग्री बीच में छोड़ने पर भी नहीं लौटेंगे खाली हाथ, दो सेमेस्टर पूरे करने पर मिलेगा पीजी डिप्लोमा

मास्टर डिग्री बीच में छोड़ने पर भी नहीं लौटेंगे खाली हाथ, दो सेमेस्टर पूरे करने पर मिलेगा पीजी डिप्लोमा
  • 6 क्रेडिट की इंटर्नशिप जरूरी, बाद में डिग्री पूरी करने का भी मौका
  • नागपुर विद्यापीठ के मास्टर कोर्स में नई व्यवस्था
  • हर विषय में 40 प्रतिशत अंक हासिल करना अनिवार्य, एटीकेटी की सुविधा नहीं
  • तीसरे सेमेस्टर में प्रवेश लेकर पूरी कर सकेंगे डिग्री

डिजिटल डेस्क, नागपुर। दो वर्षीय मास्टर डिग्री का पाठ्यक्रम पूरा करना संभव नहीं होने पर विद्यार्थियों को बीच में पढ़ाई छोड़ने के बाद खाली हाथ नहीं लौटना पड़ेगा। राष्ट्रसंत तुकड़ोजी महाराज नागपुर विद्यापीठ ने मास्टर ऑफ ह्यूमन कैपिटल मैनेजमेंट एंड एम्प्लॉई रिलेशंस पाठ्यक्रम में पहले वर्ष के बाद बाहर निकलने (एग्जिट) का विकल्प दिया है। इसके तहत दो सेमेस्टर की पढ़ाई पूरी करने और कम से कम 6 क्रेडिट की इंटर्नशिप या ट्रेनिंग करने वाले विद्यार्थियों को पीजी डिप्लोमा प्रदान किया जाएगा। खास बात यह है कि विद्यार्थी बाद में निर्धारित शर्तें पूरी कर तीसरे सेमेस्टर में दोबारा प्रवेश ले सकेंगे और अपनी मास्टर डिग्री भी पूरी कर सकेंगे।

विद्यापीठ ने डायरेक्शन नंबर 29 ऑफ 2026 के माध्यम से इस पाठ्यक्रम में प्रवेश, परीक्षा और मूल्यांकन से जुड़े नियम निर्धारित किए हैं। पहले यह पाठ्यक्रम मास्टर ऑफ लेबर स्टडीज के नाम से जाना जाता था। राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप इसका नाम बदलकर मास्टर ऑफ ह्यूमन कैपिटल मैनेजमेंट एंड एम्प्लॉई रिलेशंस किया गया है। दो वर्षीय यह पाठ्यक्रम क्रेडिट आधारित सेमेस्टर प्रणाली के तहत शैक्षणिक सत्र 2024-25 से लागू है।

हर विषय में पास होना अनिवार्य

इस पाठ्यक्रम में विद्यार्थियों को प्रत्येक विषय में कम से कम 40 प्रतिशत अंक हासिल करना अनिवार्य होगा। थ्योरी और इंटरनल असेसमेंट में भी अलग-अलग 40 प्रतिशत अंक प्राप्त करने होंगे। इसमें एटीकेटी की सुविधा नहीं दी गई है। यानी किसी एक विषय में असफल होने पर विद्यार्थी को निर्धारित उत्तीर्णता की शर्त पूरी करनी होगी।

अंकों के आधार पर तय होगा डिवीजन

विद्यार्थियों का परिणाम 10 पॉइंट ग्रेडिंग सिस्टम के आधार पर तैयार किया जाएगा। 90 से 100 अंक प्राप्त करने पर ओ ग्रेड के साथ 10 पॉइंट मिलेंगे, जबकि 40 से 49 अंक पर पास ग्रेड दिया जाएगा। अंतिम सीजीपीए के आधार पर डिवीजन निर्धारित होगा। 6 से 7.49 पर प्रथम श्रेणी और 4 से 5.99 पर द्वितीय श्रेणी मिलेगी। सीजीपीए को 10 से गुणा कर प्रतिशत निकाला जाएगा।

Created On :  

Tags

Next Story