गुणवत्ता पर जोर: पानी की किल्लत दूर करने मैदान में उतरे जिलाधीश, वाडी की जलापूर्ति योजना का निरीक्षण

पानी की किल्लत दूर करने मैदान में उतरे जिलाधीश, वाडी की जलापूर्ति योजना का निरीक्षण
  • वेना बांध में फिलहाल 56.42% जल भंडारण
  • जलापूर्ति के साथ पानी की गुणवत्ता और शुद्धिकरण पर जोर

डिजिटल डेस्क, नागपुर। जिले में गर्मी के दौरान पानी की संभावित किल्लत को दूर करने के लिए जिलाधीश कुमार आशीर्वाद ने मैदान में उतरकर जलापूर्ति व्यवस्थाओं का जायजा लेना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में उन्होंने वाडी नगर परिषद की जलापूर्ति योजना का निरीक्षण किया। इस दौरान नियमित जलापूर्ति के साथ पानी की गुणवत्ता और शुद्धिकरण पर विशेष जोर दिया गया। उन्होंने कहा कि शुद्ध और नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने के लिए संबंधित मशीनरी और एजेंसियों को अधिक सतर्क रहने की जरूरत है। उन्होंने जलापूर्ति को लेकर की जा रही तैयारियों और प्रस्तावित उपायों की भी समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान वाडी के नगराध्यक्ष नरेश चरडे, महाराष्ट्र जीवन प्राधिकरण के अधीक्षक अभियंता (मैकेनिकल) श्री बहादुरे, कार्यकारी अभियंता विद्या कानडे, उपविभागीय अभियंता श्री नघाटे, उपविभागीय अभियंता (मैकेनिकल) श्री बत्तुलवार और वाडी नगर परिषद के मुख्याधिकारी विनोद जाधव उपस्थित थे।

वेना बांध से महाराष्ट्र जीवन प्राधिकरण के माध्यम से वाडी, दवलामेटी और ऑर्डनेंस फैक्ट्री अंबाझरी को पानी की आपूर्ति की जाती है। इन क्षेत्रों की आबादी 1 लाख से अधिक है और प्रतिदिन पानी की मांग 23.68 मिलियन लीटर है। फिलहाल वेना परियोजना में 56.42% जल भंडारण है, जबकि नवंबर 2025 में यह 99.88% था। जिलाधीश आशीर्वाद ने जल भंडारण की स्थिति को देखते हुए संबंधित अधिकारियों के साथ आवश्यक सुधारात्मक उपायों पर चर्चा की।

महाराष्ट्र प्रदूषण नियंत्रण मंडल की रिपोर्ट के अनुसार, वेना बांध के पानी में आयरन, अमोनिया और ऑर्गेनिक मैटर यानी बीओडी की मात्रा नियंत्रित करना जरूरी है। बांध में जलस्तर कम होने पर इन तत्वों की मात्रा बढ़ सकती है, जिससे पारंपरिक तरीकों से पानी का शुद्धिकरण करना मुश्किल हो सकता है। इससे पानी की उपलब्धता के साथ उसकी गुणवत्ता भी प्रभावित होने की आशंका है। इसे देखते हुए जिलाधीश ने नियमित रूप से पानी की जांच करने के निर्देश दिए।

पानी शुद्धिकरण के लिए तत्काल प्रस्ताव देने के निर्देश

जिलाधीश ने पानी के शुद्धिकरण के लिए आधुनिक तकनीकों के इस्तेमाल पर जोर देते हुए तत्काल प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। इसमें ओजोन, नैनोबबल टेक्नोलॉजी और फोम फ्रैक्शनेटर जैसी आधुनिक तकनीकों के माध्यम से पानी को शुद्ध करने के विकल्पों पर विचार करने को कहा गया।

उन्होंने जलस्रोतों, भंडारण क्षमता, पानी निकालने की व्यवस्था, शुद्धिकरण प्रक्रिया, वितरण प्रणाली, पानी के रिसाव और वैकल्पिक जलस्रोतों की मौजूदा स्थिति की भी समीक्षा की। साथ ही पानी का रिसाव रोकने, पुराने जलस्रोतों को दोबारा उपयोगी बनाने और जल संरक्षण के लिए आवश्यक उपाय करने के निर्देश दिए।

Created On :  

Tags

Next Story