हाईकोर्ट: पति-पत्नी के बीच सिर्फ झगड़े और मतभेद क्रूरता नहीं, तलाक की अपील खारिज

  • आपसी मतभेद को क्रूरता नहीं माना जा सकता
  • पति-पत्नी के बीच सामान्य झगड़े और आपसी मतभेद

डिजिटल डेस्क, नागपुर. पति-पत्नी के बीच सामान्य झगड़े और आपसी मतभेद को क्रूरता नहीं माना जा सकता। तलाक पाने के लिए प्रताड़ना की खास घटनाएं बताने के साथ उनके ठोस सबूत भी देने होंगे। केवल सामान्य आरोपों के आधार पर तलाक नहीं मिल सकता। बॉम्बे हाईकोर्ट की नागपुर खंडपीठ ने यह महत्वपूर्ण निरीक्षण करते हुए पति की तलाक की अपील खारिज कर दी।

फैमिली कोर्ट का फैसला बरकरार

न्यायमूर्ति उर्मिला जोशी-फालके और न्यायमूर्ति राज वाकोडे की खंडपीठ ने फैमिली कोर्ट के फैसले को बरकरार रखा। मामले में नागपुर निवासी पति ने पत्नी पर लगातार झगड़े करने और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया था। उसका दावा था कि वर्ष 2018 में पत्नी मायके चली गई और वापस नहीं लौटी। इसलिए उसने क्रूरता और परित्याग के आधार पर तलाक मांगा था। फैमिली कोर्ट ने 17 मई 2023 को उसकी याचिका खारिज कर दी थी। इसके खिलाफ पति ने हाईकोर्ट में अपील की थी।

आरोप-प्रत्यारोप पर अदालत की दो टूक

सुनवाई में पत्नी ने आरोप लगाया कि पति नागपुर की एक महिला से शादी करना चाहता था। पति ने इस आरोप से इनकार किया, लेकिन उसके पिता ने गवाही में बताया कि उनका बेटा दूसरी महिला से शादी करना चाहता था। उन्होंने इसका विरोध कर उसे पत्नी के साथ रहने की सलाह दी थी। पिता ने बहू की तारीफ करते हुए बताया कि वह घर, बच्चों और सास-ससुर की देखभाल करती थी। हाईकोर्ट ने पाया कि पति पत्नी के खिलाफ क्रूरता के आरोपों को साबित करने के लिए कोई ठोस सबूत नहीं दे सका। पत्नी ने हमेशा के लिए वैवाहिक संबंध खत्म करने के इरादे से पति का साथ छोड़ा था, यह भी साबित नहीं हुआ। इसके विपरीत, साक्ष्यों से सामाने आया कि वर्ष 2018 में पति ही पत्नी को उसके मायके छोड़कर आया था। अदालत ने स्पष्ट किया कि केवल अलग रहने से परित्याग साबित नहीं होता। साथ ही, विवाह का पूरी तरह टूट जाना अपने आप में तलाक का कानूनी आधार नहीं है। इसलिए हाईकोर्ट ने पति की अपील खारिज कर दी।

Created On :  

Tags

Next Story