आत्मविश्वास से जीत: एशियन पैरा गेम्स में स्वर्ण जीतने वाली सुवर्णा वानखेड़े का अनिल देशमुख ने किया सम्मान

एशियन पैरा गेम्स में स्वर्ण जीतने वाली सुवर्णा वानखेड़े का अनिल देशमुख ने किया सम्मान
  • जापान में डिस्कस थ्रो स्पर्धा में 15.66 मीटर दूरी तक चक्का फेंककर जीता स्वर्ण पदक
  • नागपुर स्थित निवास पर पहुंचकर पूर्व गृहमंत्री ने किया सम्मानित
  • अंतरराष्ट्रीय खेल उपलब्धियों के साथ दिव्यांगों के अधिकारों के लिए भी कर रही हैं काम

डिजिटल डेस्क, नागपुर. जापान के आइची-नागोया में आयोजित एशियन पैरा गेम्स 2026 में महिलाओं की F54 डिस्कस थ्रो स्पर्धा में 15.66 मीटर दूरी तक चक्का फेंककर स्वर्ण पदक जीतने वाली नागपुर की अंतरराष्ट्रीय पैरा एथलीट सुवर्णा वानखेड़े राज का पूर्व गृहमंत्री अनिल देशमुख ने सम्मान किया। देशमुख ने नागपुर के जलताळा स्थित उनके निवास पर पहुंचकर सुवर्णा को सम्मानित किया और उनकी अंतरराष्ट्रीय स्तर की उपलब्धि की सराहना करते हुए बधाई दी। साथ ही उनके उज्ज्वल खेल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर अनिल देशमुख ने कहा कि सुवर्णा ने अपने दृढ़ संकल्प, मेहनत और आत्मविश्वास के दम पर अंतरराष्ट्रीय खेल जगत में भारत का तिरंगा गर्व से ऊंचा किया है। उनकी इस उपलब्धि से नागपुर और विदर्भ का गौरव बढ़ा है।

सुवर्णा वानखेड़े राज केवल अंतरराष्ट्रीय स्तर की सफल पैरा एथलीट ही नहीं हैं, बल्कि दिव्यांगों के अधिकारों और उनके लिए सुलभ एवं समावेशी वातावरण तैयार करने की दिशा में भी सक्रिय हैं। उन्हें 2014 में राष्ट्रपति के हाथों राष्ट्रीय रोल मॉडल पुरस्कार, 2015 में राष्ट्रीय युवा पुरस्कार तथा 2024 में संयुक्त राष्ट्र का एसडीजी एक्शन अवॉर्ड-चेंजमेकर सम्मान मिल चुका है।

देशभर की सार्वजनिक इमारतों, परिवहन व्यवस्था और बुनियादी सुविधाओं की सुगम्यता की जांच में भी उन्होंने महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उनकी उपलब्धियों ने दिव्यांगों की खेल प्रतिभा और क्षमता को नई पहचान दी है। वे देश के अनेक युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनी हैं।

देशमुख ने कहा कि सुवर्णा की उपलब्धि केवल खेल क्षेत्र तक सीमित नहीं है, बल्कि यह इस बात का उदाहरण है कि संघर्ष, दृढ़ता और आत्मविश्वास के बल पर सफलता की ऊंचाइयों को छुआ जा सकता है।

इस अवसर पर सुवर्णा के पिता हिरामण वानखेड़े, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के नागपुर शहर अध्यक्ष दुनेश्वर पेठे, अविनाश गोतमारे, रमण पेठे, इंद्रनील बोबडे सहित अन्य गणमान्य उपस्थित थे।

Created On :  

Tags

Next Story