बाजार में उत्साह: दिवाली पर नागपुर जिले में 4 हजार 5 सौ करोड़ का बुआ बंपर कारोबार, खुदरा और थोक कारोबार में लौटी रौनक

दिवाली पर नागपुर जिले में 4 हजार 5 सौ करोड़ का बुआ बंपर कारोबार, खुदरा और थोक कारोबार में लौटी रौनक
  • अकेले शहर में 4,000 करोड़ की खरीदारी
  • सराफा, ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स और कपड़ा बाजारों में जमकर बरसी लक्ष्मी
  • लंबे समय बाद बाजारों में दिखा ऐसा उत्साह
  • रिकॉर्ड बिक्री से आगामी वेडिंग सीजन के लिए भी मजबूत जमीन तैयार

डिजिटल डेस्क, नागपुर। रोशनी और खुशियों के पर्व दीपोत्सव पर इस साल नागपुर जिले के बाजारों में जमकर धनवर्षा हुई। धनतेरस से भाईदूज तक चले त्योहारी सप्ताह में जिले का कुल कारोबार 4,500 करोड़ रुपए के पार पहुंचने का अनुमान है। नागपुर चेंबर ऑफ कॉमर्स लिमिटेड (एनसीसीएल) के प्राथमिक आकलन के अनुसार, इसमें अकेले नागपुर शहर की हिस्सेदारी करीब 4,000 करोड़ रुपए रही, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में लगभग 500 करोड़ रुपए का कारोबार हुआ।

लंबे समय बाद स्थानीय खुदरा (रिटेल) और थोक (होलसेल) बाजारों में ग्राहकों की ऐसी रौनक देखने को मिली। सराफा, ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स, कपड़ा, फर्नीचर से लेकर किराना और मिठाई बाजार तक हर क्षेत्र में अच्छी ग्राहकी रही। ऑनलाइन खरीदारी की बढ़ती चुनौती के बीच स्थानीय बाजारों में लौटी इस रौनक ने व्यापारियों को बड़ी राहत दी है।

सकारात्मक माहौल से बाजारों में लौटी रौनक

नागपुर चेंबर ऑफ कॉमर्स लिमिटेड के निवर्तमान अध्यक्ष सीए कैलाश जोगानी ने बताया कि इस बार दीपोत्सव के दौरान जिले के खुदरा और थोक दोनों बाजारों में ग्राहकों की भारी आवाजाही रही। पिछले कुछ समय से सुस्ती का सामना कर रहे बाजारों को त्योहारी सीजन से जबरदस्त संबल मिला है। उन्होंने कहा कि ग्राहकों ने स्थानीय बाजारों पर भरोसा जताया और लगभग सभी प्रमुख सेक्टरों में सकारात्मक खरीदारी देखने को मिली। ऑटोमोबाइल से लेकर सराफा और इलेक्ट्रॉनिक्स तक नकदी का प्रवाह मजबूत रहा। बंपर कारोबार से व्यापारियों को बड़ी राहत मिली है।

किस सेक्टर में कितना हुआ कारोबार?

एनसीसीएल के आकलन और बाजारों से मिली जानकारी के अनुसार, प्रमुख कारोबार क्षेत्रों में अनुमानित बिक्री का ब्योरा इस प्रकार है।


ऑटोमोबाइल : 300 से 400 करोड़ रुपए

दोपहिया और चारपहिया वाहनों की जमकर बिक्री हुई। नवरात्रि से शुरू हुई बुकिंग की डिलीवरी धनतेरस और दीपावली के शुभ मुहूर्त पर की गई। इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) और एसयूवी सेगमेंट में भी अच्छी मांग रही।

इलेक्ट्रॉनिक्स व होम अप्लायंसेज : 300 से 400 करोड़ रुपए

बड़ी स्क्रीन वाले स्मार्ट टीवी, इन्वर्टर रेफ्रिजरेटर, फ्रंट लोड वाशिंग मशीन और प्रीमियम स्मार्टफोन की मांग रही। जीरो डाउन पेमेंट और आसान ईएमआई जैसी योजनाओं ने ग्राहकों को आकर्षित किया।


सराफा व ज्वैलरी : 150 से 180 करोड़ रुपए

सोने-चांदी की ऊंची कीमतों के बावजूद इतवारी और धरमपेठ के सराफा बाजारों में अच्छी ग्राहकी रही। 24 कैरेट सोने और चांदी के सिक्कों के अलावा हल्के वजन की ट्रेंडी ज्वैलरी और डायमंड सेट की मांग रही।

कपड़ा व परिधान : 150 से 200 करोड़ रुपए

सीताबर्डी, इतवारी, महल और गांधीबाग के कपड़ा बाजारों में देर रात तक ग्राहकों की भीड़ रही। रेडीमेड गारमेंट्स, साड़ियां, कुर्ता-पायजामा और बच्चों के फैंसी कपड़ों की जमकर बिक्री हुई।

फर्नीचर व होम डेकोर : 150 से 200 करोड़ रुपए

घरों के नवीनीकरण और सजावट के लिए सोफा सेट, डाइनिंग टेबल, पर्दे, डिजाइनर बेडशीट, गद्दे और वॉल डेकोर की खरीदारी में तेजी रही।


पटाखा बाजार : 80 से 100 करोड़ रुपए

शहर के विभिन्न मैदानों में लगी पटाखा दुकानों पर दीपावली तक ग्राहकों की भीड़ रही। रंग-बिरंगी आतिशबाजी और बच्चों के लिए फैंसी पटाखों की अच्छी बिक्री हुई।

मिठाई, ड्रायफ्रूट्स व गिफ्ट आइटम

मावे और छेने की पारंपरिक मिठाइयों के साथ ड्रायफ्रूट पैक, कॉर्पोरेट गिफ्ट हैंपर्स, बेकरी उत्पाद, चॉकलेट और प्रीमियम गिफ्ट सेट की मांग रही। पूरे सप्ताह मिठाई और गिफ्ट की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ रही।

किराना, अनाज व पूजा सामग्री

थोक अनाज मंडियों से लेकर किराना दुकानों तक तेल, घी, मैदा, सूजी और सूखे मेवों की मांग रही। कॉटन मार्केट के फूल बाजार में गेंदा और कमल के फूलों की भी अच्छी बिक्री हुई।


रियल एस्टेट व प्रॉपर्टी

धनतेरस और लक्ष्मी पूजन के शुभ मुहूर्त पर शहर के प्रमुख उपनगरों, आउटर रिंग रोड और मिहान से जुड़े प्रोजेक्ट्स में फ्लैट और प्लॉट की बुकिंग में अच्छी रुचि दिखाई दी। कई जगह टोकन बुकिंग और रजिस्ट्री भी कराई गई।


आगामी वेडिंग सीजन के लिए मजबूत संकेत

दीपावली पर हुए इस बंपर कारोबार से बाजार में नकदी का प्रवाह बढ़ा है। व्यापारियों और बाजार विश्लेषकों का मानना है कि इसका सकारात्मक असर आगामी वैवाहिक सीजन पर भी दिखाई देगा। तुलसी विवाह के बाद शुरू होने वाले शादी-ब्याह के सीजन के लिए कपड़ा, सराफा, कैटरिंग और हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में अग्रिम ऑर्डर मिलने शुरू हो गए हैं।

ऐसे में आगामी 2 महीनों तक स्थानीय बाजारों में तेजी बने रहने की उम्मीद है। दीपावली के दौरान मिली ग्राहकी ने व्यापारियों में नए उत्साह का संचार किया है और आने वाले सीजन के लिए कारोबार की मजबूत संभावनाएं पैदा की हैं।

Created On :  

Tags

Next Story