- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- ईडी की कार्रवाई में ठग सचिन पांडे...
Nagpur News: ईडी की कार्रवाई में ठग सचिन पांडे के मनी ट्रेल का हुआ खुलासा

Nagpur News ठग सचिन शत्रुघ्न पांडे और उनके परिवार की 3.35 करोड़ रुपए की संपत्ति कुर्क करने के बाद, प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की जांच में अब चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। जांच एजेंसी ने इस "मनी लॉन्ड्रिंग' के खेल में शामिल धन के लेनदेन की पूरी कड़ियां जोड़ ली हैं, जिससे अब सचिन के सहयोगियों की मुश्किलें बढ़ने वाली हैं। ईडी की जांच में यह बात पुख्ता हुई है कि आरोपियों ने केवल स्थानीय स्तर पर ही निवेश नहीं किया, बल्कि ठगी गई राशि का एक बड़ा हिस्सा विदेशों में भी खपाया गया है। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार सचिन पांडे की पत्नी खुशी पांडे के विदेश में हुए महंगे इलाज के खर्चों की बारीकी से जांच की जा रही है। एजेंसी यह पता लगा रही है कि क्या इलाज के बहाने भारत से बाहर पैसा भेजने के लिए "हवाला' या अन्य अवैध रास्तों का इस्तेमाल किया गया था।
राडार पर सहयोगी और बैंक खाते : जांच में मुख्य आरोपी के सहयोगी स्वर्णिम जयकुमार दीक्षित की भूमिका संदिग्ध पाई गई है। सचिन ने ठगी की राशि में से 20 लाख सीधे दीक्षित के बैंक खातों में ट्रांसफर किए थे। ईडी अब दीक्षित और उन अन्य पारिवारिक सदस्यों से पूछताछ की तैयारी कर रही है, जिनके खातों का इस्तेमाल अवैध धन को "लेयरिंग' (पैसे को घुमाने) के लिए किया गया था।
यह भी पढ़े -महाराष्ट्र होली पर इस बार खूब उड़ेंगे इको-फ्रेंडली गुलाल, आदमने परिवार तीन पुश्तों से कर रही तैयार
पायनियर ग्रुप के प्रोजेक्ट में निवेश की जांच : जांच का एक अहम हिस्सा पायनियर ग्रुप के उस प्रोजेक्ट पर केंद्रित है, जिसमें ठगी के 90 लाख रुपए लगाकर आवासीय फ्लैट खरीदे गए थे। ईडी इस बात की भी पड़ताल कर रही है कि क्या इस बिल्डर ग्रुप के साथ हुए लेनदेन में कोई और अनियमितता शामिल है या क्या इसमें और भी बेनामी निवेश किया गया है। ईडी जल्द ही इस अस्थायी कुर्की की पुष्टि के लिए दिल्ली स्थित पीएमएलए एडजुडिकेटिंग अथॉरिटी को विस्तृत रिपोर्ट सौंपेगी। सबूतों के संकलन के बाद, सचिन पांडे और उनके सहयोगियों के खिलाफ विशेष पीएमएलए अदालत में चार्जशीट दर्ज की जाएगी। चूंकि सचिन पांडे को एक आदतन अपराधी माना गया है, इसलिए जांच एजेंसी उन अन्य लोगों की भी पहचान कर रही है जो इसके "लोन' या "प्रॉपर्टी' के झांसे में आकर अपनी गाढ़ी कमाई गंवा चुके हैं।
Created On :   28 Feb 2026 12:38 PM IST












