विधानमंडल: अधिवेशन की अवधि बढ़ाने का निवेदन, मुख्यमंत्री ने कहा पहले तो 3-4 दिन में समाप्त हो जाता था

अधिवेशन की अवधि बढ़ाने का निवेदन, मुख्यमंत्री ने कहा पहले तो 3-4 दिन में समाप्त हो जाता था
  • पूर्व मंत्री महादेवराव शिवणकर को दी श्रद्धांजलि
  • वंदे मातरम का संपूर्ण गायन

Nagpur News. विधानमंडल के शीतकालीन अधिवेशन की अवधि बढ़ाने का निवेदन विधानसभा में किया गया। जवाब में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि अगली बार अवधि बढ़ाने का विचार करेंगे। साथ ही यह भी कहा कि पहले तो 3-4 दिन में ही अधिवेशन समाप्त हो जाता था। अधिवेशन के पहले दिन निर्धारित कामकाज को लेकर कांग्रेस सदस्य नाना पटोले ने कहा कि विदर्भ में अधिवेशन हो रहा है। विधेयक पेश करा लिए, पूरक मांग रख दी और शोक प्रस्ताव के बाद दिन भर के लिए सभा स्थगित हो जाएगी। सरकार को इतनी जल्दी क्या है। विदर्भ के विषयों पर चर्चा होनी चाहिए। चर्चा के लिए अधिवेशन की अवधि बढ़ा दीजिए। अध्यक्ष राहुल नार्वेकर ने कहा कि सदस्य पटोले अध्यक्ष भी रहे है। वे कामकाज की प्रक्रिया को जानते हैं। कामकाज सलाहकार समिति में सहमति से ही कामकाज तय किया गया है। फिर पर अवधि बढ़ाने के निवेदन पर विचार किया जाएगा। शिवसेना उद्धव के सदस्य भास्कर जाधव ने कहा कि कामकाज प्रक्रिया तो ठीक है पर अध्यक्ष यह भी बताएं कि कामकाज सलाहकार समिति की बैठक में विपक्ष ने 8 से 21 दिसंबर तक अधिवेशन का विचार रखा था। मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा- अधिवेशन के पहले दिन पूरक मांग रखी जाती है। विधेयक व अध्यादेश रखे जाते हैं। इससे पहले अलग एजेंडा नहीं रहा है। 25 वर्ष में देखें तो मेरे मुख्यमंत्री कार्यकाल में नागपुर में अधिवेशन की अवधि अधिक रही है। उन्होंने कहा पहले तो मुंबई में भी 3-4 दिन में अधिवेशन पूरा कर लिया जाता था। उन्होंने यह भी कहा कि अगली बार अवधि बढ़ाने के संबंध में विचार करेंगे।

विधानसभा के तालिका अध्यक्ष

चैनसुख संचेती, किशोर अप्पा पाटील, सरोज मिहिरे, डॉ.राहुल पाटील, उत्तमराव, रामदास मसराम, समीर कुणावार को विधानसभा में तालिका अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। अध्यक्ष राहुल नार्वेकर ने नामों की घोषणा की।

वंदे मातरम का संपूर्ण गायन

राष्ट्रगीत वंदे मातरम के साथ विधानसभा में अधिवेशन आरंभ हुआ। राज्यगान के बाद पुन: संपूर्ण वंदेमातरम का गायन हुआ। अध्यक्ष राहुल नार्वेकर ने कहा कि वंदे मातरम गीत को 150 वर्ष पूरा होना गौरव की बात है।

48 मिनट में स्थगित

विधानसभा का कामकाज 48 मिनट में स्थगित हो गया। सुबह 11 बजे सभा की शुरुआत हुई। 11.48 बजे अध्यक्ष ने स्थगित करने की घोषणा की। आरंभ में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री अजित पवार , राजस्वमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले,पणनमंत्री जयकुमार रावल, वित्त राज्यमंत्री आशीष जैस्वाल ने अपने विभागों से संबंधित विधेयक पेश किए।

पूर्व मंत्री महादेवराव शिवणकर को दी श्रद्धांजलि

पूर्व मंत्री महादेवराव शिवणकर विधानसभा में श्रद्धांजलि दी गई। विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर ने शोक प्रस्ताव पढ़ा। शिवाजीराव कर्डिले, भारत बोंद्रे, श्याम आष्टेकर, यशवंत दलवी, नारायण पटेल, सिद्रामप्पा मलकप्पा पाटील, गिल्बर्ट जॉन मेंडोंसा, राजीव देशमुख, निर्मला ठोकल को भी श्रद्धांजलि दी गई।

Created On :   8 Dec 2025 7:01 PM IST

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story