राहत: आश्वासन के बाद मार्ड की शर्तें मंजूर, हड़ताल खत्म, 10 हजार बढ़ेगा स्टाइपेंड

आश्वासन के बाद मार्ड की शर्तें मंजूर, हड़ताल खत्म, 10 हजार बढ़ेगा स्टाइपेंड
  • हड़ताल के दौरान ओपीडी पर पड़ा असर
  • 822 निवासी डॉक्टर्स हड़ताल में हुए शामिल
  • छात्रावास उपलब्ध कराने का आश्वासन

डिजिटल डेस्क, नागपुर। निवासी डॉक्टरों की हड़ताल रविवार की आधी रात को खत्म हो गई। सेंट्रल मार्ड के प्रतिनिधि और चिकित्सा शिक्षा मंत्री हसन मुश्रीफ के बीच हुई बैठक के बाद हड़ताल खत्म करने का निर्णय लिया गया। चार दिन चली हड़ताल के दौरान ओपीडी पर असर पड़ा था, वहीं आपात सेवा पर कोई असर नहीं हुआ था। मेडिकल में 672 और मेयो के 350 मिलाकर कुल 1022 निवासी डॉक्टर्स हैं। इनमें से 200 डॉक्टर्स बारी-बारी से आपात सेवा दे रहे थे। शेष 822 निवासी डॉक्टर्स हड़ताल में शामिल थे। राज्यभर में 8000 निवासी डॉक्टर हड़ताल में शामिल होने से स्वास्थ्य सेवा प्रभावित होने लगी थी।

सकारात्मक पहल : सेंट्रल मार्ड के आह्वान पर विविध मांगों को लेकर निवासी डॉक्टरों ने 22 फरवरी से हड़ताल शुरू की थी। निवासी डॉक्टरों की प्रमुख मांगों में सुविधाजनक छात्रावास, स्टाइपेंड की बढ़ोतरी और हर महीने 10 फरवरी को स्टाइपेंड देने की मांग शामिल थी। जनवरी महीने में भी इन्हीं मांगों को लेकर हड़ताल की थी। सरकार पर यह आरोप था कि निवासी डॉक्टरों को बार-बार अाश्वासन दिया जा रहा था, जबकि निवासी डॉक्टर चाहते थे कि अब आश्वासन नहीं, बल्कि उन्हें लिखित चाहिए। रविवार की रात हुई बैठक में सकारात्मक पहल की गई है। निवासी डॉक्टरों के स्टाइपेंड में 10 हजार रुपए प्रतिमाह बढ़ाने का निर्णय लिया गया। मंत्रिमंडल की बैठक में यह निर्णय हुआ है। बैठक में मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे उपस्थित थे।

1 मार्च से वढ़ोतरी : राज्य के सभी शासकीय चिकित्सा, दंत, आयुर्वेद कॉलेजों के निवासी डॉक्टरों के विद्यावेतन में 1 मार्च से बढ़ोतरी का निर्णय लिया गया है। अब कनिष्ठ निवासी डॉक्टरों को 80 के स्थान पर 90 हजार रुपए प्रतिमाह और वरिष्ठ निवासी डॉक्टरों को 85 की जगह 95 हजार रुपए प्रतिमाह विद्यावेतन मिलेगा। यह हर महीने की 10 तारीख तक दिया जाएगा। इसके अलावा छात्रावास की समस्या स्थानीय स्तर पर हल करने की सूचनाएं दी गई हैं। कॉलेज प्रशासन को लीज पर या किराए पर छात्रावास सुविधाएं उपलब्ध करा देने की सूचना का आश्वासन दिया गया है।


Created On :   27 Feb 2024 6:36 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story