ननि की आमदनी 250 करोड़, खर्च हो रहे 400 करोड़

Nanis income is 250 crores, 400 crores are being spent
ननि की आमदनी 250 करोड़, खर्च हो रहे 400 करोड़
जबलपुर ननि की आमदनी 250 करोड़, खर्च हो रहे 400 करोड़

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। नगर निगम की सालाना आमदनी 250 करोड़ रुपए है। चौंकाने वाली बात यह है कि हर साल 400 करोड़ रुपए से अधिक खर्च हो रहे हैं। धीरे-धीरे नगर निगम की आर्थिक हालत खराब होती जा रही है। जानकारों का कहना है कि जल्द ही आमदनी नहीं बढ़ाई गई, तो शहर के विकास कार्य थम सकते हैं। इसके साथ खर्च भी कम करने होंगे। हालत यह है कि कई ठेकेदारों का भुगतान अटका हुआ है, ठेकेदार नगर निगम के चक्कर लगा रहे हैं। जानकारों का कहना है कि नगर निगम को हर साल 120 करोड़ रुपए जलशोधन संयंत्रों पर खर्च करना पड़ रहा है। इस खर्च में कटौती करना संभव नहीं है। इसके अलावा वर्तमान में 200 करोड़ रुपए के सड़क, नाली और अन्य अधोसंरचना के काम चल रहे हैं। कर्मचारियों के वेतन और भत्तों में साल में 32 करोड़ रुपए खर्च हो रहे हैं। 40 करोड़ रुपए के पार्षद मद के काम चल रहे हैं। इसके साथ ही प्रतिवर्ष 120 करोड़ रुपए बिजली पर खर्च किए जा रहे हैं।

खर्च कम करने नहीं हो रहे प्रयास  

जानकारों का कहना है कि नए चुनाव होने के बाद नगर निगम के खर्च बढ़ गए हैं। अभी तक अनावश्यक खर्चों में कटौती करने के प्रयास नहीं किए जा रहे हैं। इसका असर विकास कार्यों में दिखने लगा है। 

मुख्यमंत्री अधोसंरचना मद से बन रहीं सड़कें  

वर्तमान में शहर की ज्यादातर सड़कों का निर्माण मुख्यमंत्री अधोसंरचना और एयर क्वाॅलिटी इंडेक्स फंड से किया जा रहा है। हाल ही में सड़कों की मरम्मत के लिए मुख्यमंत्री अधोसंरचना फंड से नगर निगम को 25 करोड़ रुपए मिले हैं। स्थिति यह है कि मुख्यमंत्री अधोसंरचना मद से यदि राशि नहीं मिली तो सड़कों का निर्माण होना भी मुश्किल हो जाएगा। 

नगर निगम की आमदनी केवल 250 करोड़ रुपए है, जबकि साल में 400 करोड़ रुपए व्यय हो रहा है। इससे नगर निगम की आर्थिक स्थिति बिगड़ती जा रही है। आमदनी और खर्च में सामंजस्य बैठाने के लिए खर्चों में कटौती करनी होगी। 
-महेश कुमार कोरी, अपर आयुक्त वित्त      

Created On :   10 March 2023 8:56 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story