श्रीकर परदेशी उप मुख्यमंत्री के सचिव- कर चुके हैं पीएमओ में कार्य

डिजिटल डेस्क, मुंबई। प्रधानमंत्री कार्यालय में कामकाज का अनुभव रखने वाले आईएएस अधिकारी श्रीकर परदेशी को राज्य के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का सचिव नियुक्त किया गया है। 2001 महाराष्ट्र कैडर के परदेशी साल 2014 में नरेंद्र मोदी की अगुआई वाली भाजपा सरकार बनने के बाद दिल्ली में प्रधानमंत्री कार्यालय में तैनात कर दिए गए थे। अब वे उपमुख्यमंत्री के सचिव के तौर पर राज्य में वापस लौटे हैं। इसके अलावा भाऊसाहेब दांडगे को कल्याण डोंबिवली महानगर पालिका का आयुक्त बनाया गया है। दांडगे अब तक ठाणे जिला परिषद के सीईओ के तौर पर काम कर रहे थे। अजीज शेख को उल्हासनगर महानगर पालिका का नया आयुक्त बनाया गया है।
भिडे को मुंबई मेट्रो की अतिरिक्त जिम्मेदारी
उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के आग्रह पर मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने मुंबई मनपा की अतिरिक्त आयुक्त अश्विनी भिडे को मुंबई मेट्रो के प्रबंध निदेशक की अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी है। सरकार पहले ही मेट्रो-3 की कारशेड को कांजुरमार्ग से आरे स्थानांतरित करने की प्रक्रिया शुरू कर चुकी है। मेट्रो रेल परियोजना की देखरेख के लिए 2014 में मेट्रो महामंडल की स्थापना की गई थी और भिडे को इसकी जिम्मेदारी सौंपी गई थी। आरे में मेट्रो कारशेड बनाने के फैसले से शिवसेना और पर्यावरण प्रेमी नाराज थे। महाविकास आघाडी सरकार बनने के बाद भिडे का तबादला मुंबई मनपा में अतिरिक्त आयुक्त के पद पर कर दिया गया था। फिलहाल उन्हें अतिरिक्त प्रभार दिया गया है, लेकिन माना जा रहा है कि जल्द ही उन्हें मुंबई मेट्रो की पूरी जिम्मेदारी सौंप दी जाएगी।
Created On :   13 July 2022 4:56 PM IST