भीषण आग में तीन मकान खाक

Three houses destroyed in a fierce fire
भीषण आग में तीन मकान खाक
चांदुर बाजार भीषण आग में तीन मकान खाक

डिजिटल डेस्क, चांदुर बाजार। 14 किमी दूरी पर स्थित वणी बेलखेड़ा ग्राम में शनिवार को सुबह अचानक तीन मकानों को आग लग गई। आग की चपेट में ट्रैक्टर जलकर राख हो गया और वहां बंधे दो मवेशियों की जलकर मृत्यु हो गई। इस आग से लाखों रुपए का नुकसान होने का अनुमान लगाया गया है। जानकारी के मुताबिक वणी बेलखेड़ा ग्राम में बाबूराव अलोने नामक किसान के घर से सटकर उसका मवेशियों का तबेला है। इस तबेले में उसकी दो गाय बंधी हुई थी। शनिवार को सुबह 10 बजे के दौरान इस तबेले में अचानक भूसा में आग लग गई। देखते ही देखते इस आग ने भीषण रूप धारण कर लिया और तबेले से सटकर स्थित अरुण मानकर और गजानन फुले नामक व्यक्तियों के मकान को अपनी चपेट में ले लिया। वहां पर गजानन फुले का ट्रैक्टर खड़ा था। उस ट्रैक्टर ने भी आग पकड़ ली। ग्रामवासी आग को काबू पाने के प्रयास करने लगे।

बड़ी संख्या में घटनास्थल पर ग्रामवासियों की भीड़ जमा हो गई। तत्काल चांदुर बाजार नगर परिषद के दमकल विभाग को घटना की जानकारी दी गई। जानकारी मिलते ही कुछ ही देर में अग्निशमन की गाड़ी वहां आ पहंुची। अथक प्रयासों के बाद दमकल कर्मियों ने आग को काबू में कर लिया। लेकिन तब तक तबेले में बंधी दोनों गाय की जलकर मौत हो गई थी। साथ ही ट्रैक्टर भी पूरी तरह जलकर राख हो गया। गजानन फुले, बाबूराव अलोने और अरुण मानकर के मकान का फर्नीचर, बर्तन, अनाज सहित सारा सामान जलकर राख हो गया। इस आग से करीब 10 लाख रुपए का नुकसान होने का अनुमान लगाया गया है। आग लगने का कारण पता नहीं चल पाया है। घटनास्थल पर ब्राह्मणवाड़ा थडी पुलिस का दल भी आ पहंुचा था। मामले की जांच पुलिस आगे कर रही है।

Created On :   26 Dec 2021 12:20 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story