- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- पन्ना
- /
- बृजपुर में 11,000 वोल्ट की 200 मीटर...
Brijpur/Panna news: बृजपुर में 11,000 वोल्ट की 200 मीटर केबल चोरी: ट्रैक्टर पर तार लादकर ले जाते समय 3 आरोपी गिरफ्तार

डिजिटल न्यूज़ बृजपुर/पन्ना
बृजपुर सब-स्टेशन के इटवां खास फीडर अंतर्गत सिरस्वाहा से बांगलान के बीच बिछाई गई 11,000 वोल्ट लाइन की लगभग 200 मीटर लंबी केबल अज्ञात चोरों द्वारा काट कर पार कर दिए जाने का मामला सामने आया है। विद्युत आपूर्ति ठप होने और जांच के दौरान केबल न मिलने पर ग्रामीण विद्युत मंडल के अधिकारी केश खान ने बृजपुर थाने पहुंचकर अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध चोरी की प्राथमिकी दर्ज कराई। मामला दर्ज होते ही पुलिस ने जांच और संदिग्धों की तलाश शुरू की। रात में गश्त के दौरान पुलिस टीम को मुखबिर से सटीक सूचना मिली कि कुछ लोग चोरी का तार ट्रैक्टर में लादकर ले जाने की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने तुरंत घेराबंदी की और तार से लदे एक ट्रैक्टर को मौके पर ही रोक लिया। ट्रैक्टर की तलाशी लेने पर उसमें भारी मात्रा में 11 KV लाइन का चोरी हुआ विद्युत तार बरामद हुआ। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मौके से ही तीन आरोपियों को हिरासत में लिया और वाहन को जब्त कर लिया।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान बृजपुर निवासी 25 वर्षीय धीरू अहिरवार (पिता बाबूलाल अहिरवार), बांगलान निवासी सूरज सिंह और बृजपुर निवासी 18 वर्षीय प्रकाश अहिरवार (पिता प्रेमचंद अहिरवार) के रूप में हुई है। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित कानूनी धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से अदालत के आदेश पर तीनों को जेल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि केबल चोरी की यह एक बड़ी घटना है और मामले में शेष बचे केबल की बरामदगी के साथ-साथ इस गिरोह से जुड़े अन्य फरार सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। यह जानकारी आज शुक्रवार 9 अक्टूबर दोपहर 3 बजे मिली।
Created On :   9 Oct 2026 4:01 PM IST












