- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- पन्ना
- /
- मिढ़ासन नदीं में मिला नवजात बच्ची...
Panna News: मिढ़ासन नदीं में मिला नवजात बच्ची का शव

Panna News: अमानगंज थाना अन्तर्गत मिढासन नदीं पुल के पास उस समय क्षेत्र में सनसनी फैल गई जब नदीं में एक नवजात बच्ची का शव तैरता हुआ दिखाई दिया। यह हृदय विदारक दृश्य देखकर मौके पर मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं और पूरे इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। जिस मासूम बच्ची को जन्म के बाद मां की ममता, परिवार का स्नेह और जीवन की खुशियां मिलनी थीं वह नदीं की लहरों में बेसहारा हालत में तैरती मिली। घटना ने हर संवेदनशील व्यक्ति को झकझोर कर रख दिया। लोग सवाल कर रहे हैं कि आखिर ऐसी कौन सी परिस्थिति रही होगी जिसने इस नन्हीं जान को जन्म लेते ही मौत की गोद में पहुंचा दिया। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा।
नगर परिषद की टीम के सफाईकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद नदीं से नवजात बच्ची के शव को बाहर निकाला। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अमानगंज भेजा गया जहां चिकित्सकों द्वारा पोस्टमार्टम किया गया। पहचान नहीं होने के कारण पोस्टमार्टम उपरांत नवजात बच्ची को नियमानुसार दफनाया गया। मासूम की खामोश विदाई ने वहां मौजूद लोगों को भावुक कर दिया। नदीं में मिली यह नवजात बच्ची अपने पीछे कई सवाल छोड़ गई है कि आखिर इस मासूम को नदी में कौन और किन परिस्थितियों में छोड़ गया। घटना ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध और व्यथित कर दिया है।
Created On :   4 Jun 2026 4:03 PM IST














