- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- पन्ना
- /
- वर्षाकाल में संभावित बाढ़ आपदा की...
Panna News: वर्षाकाल में संभावित बाढ़ आपदा की स्थिति से निपटने के लिए समय पूर्व करें आवश्यक तैयारियां: कलेक्टर

Panna News: कलेक्टर ऊषा परमार ने कहा है कि वर्षाकाल के पूर्व जिले में संभावित बाढ़ आपदा की स्थिति से बचाव के लिए सभी आवश्यक तैयारियां कर लें। संभावित बाढ़ की स्थिति वाले क्षेत्र और ग्रामों में जनहानि और वर्षाजनित बीमारियों से बचाव के भी माकूल प्रबंध सुनिश्चित हों। अधीनस्थ अधिकारी-कर्मचारियों को भी किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पाबंद किया जाए। साथ ही समय पूर्व वैकल्पिक व्यवस्थाओं को भी अंतिम रूप दें। जिला कलेक्टर ने बुधवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में संपन्न हुई बाढ़ आपदा प्रबंधन की तैयारी बैठक में उक्ताशय के निर्देश दिए।
इस संबंध में संबंधित विभागीय अधिकारियों से आपदा प्रबंधन के संबंध में अब तक की गई तैयारियों की जानकारी लेकर कार्ययोजना मुताबिक कार्य संपादित करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर श्रीमती परमार ने कहा कि बाढ़ आपदा की स्थिति में प्राथमिकता के साथ बचाव और राहत कार्य जरूरी है। इसके लिए सूचना तंत्र को सुदृढ़ करें और किसी भी आपात स्थिति की सटीक सूचना पर समन्वय के साथ बचाव कार्य को अंजाम दें। डूब वाले क्षेत्रों में त्वरित रूप से कार्य कर प्रभावित लोगों को अस्थाई शिविर में विस्थापित करना आवश्यक है। संभावित खतरे और समस्या पर चर्चा कर इसके लिए जरूरी उपायों पर विचार विमर्श किया गया।
यह भी पढ़े -करोड़ों की लागत से बने संदीपनी विद्यालय भवन के हैंडओवर का पेंच फंसा, बाउण्ड्री वॉल अधूरी, विद्यालय परिसर के समीप नाला व वनक्षेत्र बच्चों की सुरक्षा के लिए खतरा
विभागों को दिए आवश्यक निर्देश
बैठक के दौरान कलेक्टर द्वारा लोक निर्माण विभाग सहित प्रधानमंत्री ग्रामीण सडक़ के तहत आवश्यकतानुसार सडक़ मरम्मत के निर्देश भी दिए गए। इस मौके पर जिला सेनानी होमगार्ड शालिवाहन पाण्डेय द्वारा विभिन्न स्थानों पर आपदा राहत केन्द्रों की जानकारी दी गई। साथ ही नाव, लाइफ जैकेट सहित अन्य सामग्रियों की उपलब्धता के बारे में अवगत कराया गया। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि आवश्यक प्रबंध का ट्रायल कर प्रत्येक सामग्री को पुन: चेक कर लें। साथ ही जरूरी कार्यों का प्रस्ताव भी अविलंब प्रस्तुत करें। टीम द्वारा जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया जाए। साथ ही एसडीएम और तहसीलदार द्वारा महत्वपूर्ण व्यक्तियों की सूची और संपर्क नंबर भी साझा किया जाए। स्थानीय पुलिस द्वारा भी किसी भी अप्रिय स्थिति पर सख्ती के साथ कार्रवाई की जाए।
चांदा सिल्वर फाल व वृहस्पति कुण्ड की होगी विशेष निगरानी
बरसात के समय जिले के विभिन्न जल प्रपातों का नजारा अंत्यंत मनमोहक हो जाता है जिससे लोग इन्हें देखने काफी संख्या में पहुंचते हैं जिसे देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम करने हेतु निर्देश दिए गए कि सिल्वर फॉल और बृहस्पति कुंड जैसे स्थानों पर विशेष निगरानी की जाए। बताया गया कि वर्षाकाल में जिला स्तरीय कंट्रोल रूम भी सक्रिय रहेगा। तहसीलदार भू-संसाधन प्रबंधन मेघेन्द्र बंदोपाध्याय को कंट्रोल रूम का प्रभारी अधिकारी बनाया गया है। बैठक में जिला पंचायत सीईओ उमराव सिंह मरावी एवं डिप्टी कलेक्टर अनिल कुमार तलैया सहित समस्त एसडीएम, तहसीलदार एवं जनपद पंचायत सीईओ भी उपस्थित रहे।
Created On :   4 Jun 2026 3:08 PM IST













