Panna News: 30 अप्रैल तक उपलब्ध रहेगा स्वगणना का विकल्प, हेल्पडेस्क स्थापना के निर्देश

30 अप्रैल तक उपलब्ध रहेगा स्वगणना का विकल्प, हेल्पडेस्क स्थापना के निर्देश
जनगणना 2027 के प्रथम चरण में स्वगणना पोर्टल पर जानकारी का विकल्प 16 से 30 अप्रैल 2026 तक उपलब्ध रहेगा। इस अवधि में प्रत्येक व्यक्ति स्वगणना के माध्यम से अपना विवरण भर सकेंगे।

Panna News: जनगणना 2027 के प्रथम चरण में स्वगणना पोर्टल पर जानकारी का विकल्प 16 से 30 अप्रैल 2026 तक उपलब्ध रहेगा। इस अवधि में प्रत्येक व्यक्ति स्वगणना के माध्यम से अपना विवरण भर सकेंगे। इस संबंध में कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी ऊषा परमार द्वारा सभी नगरीय और ग्रामीण चार्ज अधिकारियों को उनके क्षेत्र में निवासरत व्यक्तियों को स्वगणना से संबंधित पूर्ण जानकारी प्रदान कर स्वगणना के लिए प्रत्येक नगरीय वार्ड एवं राजस्व ग्राम स्तर पर हेल्पडेस्क स्थापित करने के निर्देश दिए गए हैं। यह हेल्पडेस्क आगामी 30 अप्रैल तक निरंतर संचालित रहेेगे। इसके संचालन के लिए नगरीय क्षेत्र के वार्ड प्रभारी, संबंधित प्रगणक एवं सुपरवाईजर, अपने क्षेत्र अंतर्गत सभी हल्का पटवारी, ग्राम पंचायत सचिव, ग्राम रोजगार सहायक और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की ड्यूटी लगाई गई है।

साथ ही टीम के लिए नगरीय निकाय के राजस्व निरीक्षक, सहायक राजस्व निरीक्षक एवं उपयंत्री को प्रभारी नियुक्त किया गया है, जबकि राजस्व ग्राम के लिए राजस्व निरीक्षक, ग्राम पंचायत के प्रभारी उपयंत्री, नायब तहसीलदार को प्रभारी बनाया गया है। प्रभारी अधिकारियों द्वारा प्रतिदिन हेल्पडेस्क का निरीक्षण कर चार्ज अधिकारियों को उनके क्षेत्र के लिए लक्ष्य एवं पूर्ति तथा शेष विवरण की जानकारी दी जाएगी। इस दौरान यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि वार्ड एवं ग्राम स्तर पर न्यूनतम 50 प्रतिशत निवासियों द्वारा स्वगणना संबंधी प्रक्रिया पूर्ण कर ली जाए। आदेश का क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के लिए ग्रामीण क्षेत्र में संबंधित तहसीलदार और नगरीय क्षेत्र में संबंधित मुख्य नगर पालिका अधिकारी उत्तरदायी होंगे।


Created On :   21 April 2026 6:12 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story