Pune News: रेत के नीचे दबकर 5 वर्षीय बच्चे की मौत, डंपर चालक पर केस दर्ज

रेत के नीचे दबकर 5 वर्षीय बच्चे की मौत, डंपर चालक पर केस दर्ज
बच्चे की मां, भाई और चचेरी बहन भी रेत के नीचे दब गए

भास्कर न्यूज, पुणे। पुणे जिले के भोर तहसील के नसरापूर इलाके में एक दर्दनाक हादसे में पांच साल के बच्चे की रेत के नीचे दबकर मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब एक डंपर से रेत उतारी जा रही थी। घटना में बच्चे की मां, भाई और चचेरी बहन भी रेत के नीचे दब गए। तीनों को नसरापूर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के बाद उन्हें हॉस्पिटल से छोड़ दिया गया।

मृत बच्चे का नाम आलोक अशोक कचरे (5 वर्ष) है। घायल लोगों में उसकी मां आरती (35), भाई श्लोक (6) और चचेरी बहन प्रियंका (15) शामिल हैं। इस हादसे के लिए जिम्मेदार डंपर चालक के खिलाफ राजगड पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार, कचरे परिवार नसरापूर के धनगर वस्ती क्षेत्र में रहता है। उनका पुराना घर गिराकर नए घर का निर्माण कार्य चल रहा था। नया घर बनाते समय परिवार पास के ही टिन के शेड में रह रहा था। शनिवार (8 नवंबर) को अशोक कचरे ने निर्माण सामग्री के लिए रेत मंगाई थी। दोपहर करीब डेढ़ बजे डंपर रेत लेकर उनके घर के पास पहुंचा।

डंपर चालक जब रेत उतार रहा था, तब उसने गलती से रेत परिवार के टिन शेड के बिल्कुल पास गिरा दी। रेत का ढेर अचानक शेड पर गिर पड़ा, जिससे टिन की छत टूट गई और अंदर मौजूद आलोक, उसकी मां आरती, भाई श्लोक और बहन प्रियंका रेत के नीचे दब गए।

यह देखकर आसपास के लोग दौड़े और सभी को निकालकर नसरापूर के एक निजी अस्पताल में पहुंचाया गया। लेकिन तब तक आलोक की सांसें थम चुकी थी। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया, जबकि बाकी तीनों का इलाज करने के बाद उन्हें घर भेज दिया गया। इस घटना के बाद राजगड पुलिस ने डंपर चालक के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज किया है।

Created On :   10 Nov 2025 4:14 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story