मांग: गन्ने के दाम के लिए आज गन्ना बेल्ट में चक्का जाम आंदोलन

गन्ने के दाम के लिए आज गन्ना बेल्ट में चक्का जाम आंदोलन
कोल्हापुर में स्वाभिमानी शेतकरी संगठन के अध्यक्ष राजू शेट्टी का ऐलान

डिजिटल डेस्क, पुणे। पिछले सीजन के काटे गए गन्ने की दूसरी किस्त 400 रुपये और इस साल के पेराई के गन्ने की पहली किश्त 3500 रुपये के हिसाब से देने की मांग को लेकर स्वाभिमानी किसान संघ की ओर से कल रविवार को सुबह 11 बजे कोल्हापुर और सांगली जिलों सहित राज्य के पूरे गन्ना बेल्ट में चक्का जाम आंदोलन किया जाएगा। संगठन के अध्यक्ष राजू शेट्टी ने इसकी जानकारी देते हुए चेताया है कि अगर चक्काजाम आंदोलन से सरकार और चीनी मिल मालिक नींद से नहीं जागे तो आंदोलन का अगला चरण और भी उग्र होगा।

उन्होंने कहा कि 13 सितंबर से गन्ना मूल्य को लेकर हमारा आंदोलन चल रहा है। 17 अक्टूबर से 7 नवंबर तक विरोध मार्च निकाला गया। 22वां गन्ना सम्मेलन 7 नवंबर को जयसिंहपुर में आयोजित किया गया। साथ ही 7 नवंबर से 15 नवंबर तक जयसिंहपुर के विक्रमसिंह खेल परिसर में धरना प्रदर्शन किया गया। गन्ना रेट के लिए कलेक्टर कार्यालय में तीन बार बैठक हुई। अभी भी गन्ना मूल्य का मसला हल नहीं हुआ है। हमारी मांगें नहीं मानी गईं, इसलिए यह चक्का जाम आंदोलन किया जा रहा है, मैं खुद हातकणंगले में सड़क पर उतरूंगा।

कोल्हापुर जिले में अंकली टोल नाका, चौंडेश्वरी फाटा, नृसिंहवाडी, कबनूर, नदीवेस इचलकरंजी, हेरवाड, हुपरी, वडगाव, कागल, गडहिंग्लज, चंदगड, शाहूवाडी, कोडोली, परिते में रास्ता रोको आंदोलन किया जायेगा। सांगली, सातारा, सोलापूर, अहमदनगर, उस्मानाबाद, पुणे, बीड, लातूर, नंदूरबार, नांदेड, परभणी आदि सहित पूरे गन्ना बेल्ट में चक्का जाम आंदोलन किया जाएगा। प्रदेश सरकार के पास गन्ना रेट पर चर्चा करने का समय नहीं है। उन्हें किसानों के सवालों में कोई दिलचस्पी नहीं दिखती। हालाँकि हम किसानों के लिए किसी से भी मुकाबला करने को तैयार हैं। इसके साथ ही कर्नाटक सीमा क्षेत्र में भी आंदोलन तेज किया जाएगा। मिल मालिकों को हमें चीनी मिलें बंद करने का डर नहीं दिखाना चाहिए। जब तक हमारी मांगे पूरी नहीं हो जाती। तब तक हम गन्ने की पेराई शुरू नहीं होने देंगे। चक्का जाम आंदोलन में समाज के सभी वर्गों को भाग लेने की अपील भी शेट्टी ने की।

Created On :   18 Nov 2023 2:26 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story