Pune City News: येरवडा जेल में तंबाकू को लेकर बवाल

येरवडा जेल में तंबाकू को लेकर बवाल
  • कैदी पर लकड़ी की पट्टी और बाल्टी से हमला
  • दो आरोपियों पर मामला दर्ज

भास्कर न्यूज, पुणे। येरवडा केंद्रीय जेल में तंबाकू को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दो कैदियों ने मिलकर एक अन्य कैदी पर हमला कर उसे घायल कर दिया। घटना के बाद जेल प्रशासन ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।

घायल कैदी की पहचान शुभम पंढरीनाथ पोखरकर के रूप में हुई है। मामले में वरिष्ठ जेल अधिकारी रेवनाथ कडू कानडे (57) ने येरवडा पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अजय शंकर राठोड और संतोष सुरेश भालेराव के खिलाफ केस दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार घटना 27 मई की सुबह करीब 7:55 बजे जेल के सर्कल नंबर-2 के बाहर सार्वजनिक शौचालय के पास पानी के हौद के निकट हुई। उस समय शुभम पोखरकर पानी की टंकी के पास खड़ा था। इसी दौरान तंबाकू को लेकर अजय राठोड और उसके बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और अजय राठोड ने भोजन वितरण में इस्तेमाल होने वाली लकड़ी की पट्टी से शुभम के सिर पर हमला कर दिया। वहीं संतोष भालेराव ने प्लास्टिक की बाल्टी से उसके सिर पर वार किया। हमले में शुभम घायल हो गया।

घटना के बाद जेल प्रशासन ने तुरंत हस्तक्षेप किया और मामले की जानकारी पुलिस को दी।

Created On :   28 May 2026 6:50 PM IST

Tags

Next Story