- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- पुणे
- /
- उत्तर भारतीयों कों टिकट नहीं तो...
Pune City News: उत्तर भारतीयों कों टिकट नहीं तो जाएगा गलत संदेश, होगा नुकसान

- मनपा चुनाव से पहले भाजपा को पदाधिकारी की चेतावनी
- कम से कम प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से एक मजबूत उत्तर भारतीय उम्मीदवार को टिकट दिया जाए
भास्कर न्यूज, पिंपरी चिंचवड़। शहर की राजनीति में निर्णायक भूमिका निभाने वाले उत्तर भारतीय समाज को मनपा चुनाव में प्रतिनिधित्व देना अब भाजपा के लिए अनिवार्य हो गया है। लोकसभा और विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत की मजबूत नींव उत्तर भारतीय समाज ने रखी, लेकिन अब यदि इस समाज को टिकट वितरण में नजरअंदाज किया गया तो इसका सीधा असर मनपा चुनावों पर पड़ सकता है। यह स्पष्ट और कड़ा संदेश प्रदेश भाजपा उत्तर भारतीय मोर्चा के उपाध्यक्ष धर्मेंद्र उर्फ बबलू सोनकर ने दिया है।
-कम से कम प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से एक मजबूत उत्तर भारतीय उम्मीदवार को टिकट दिया जाए
सोनकर ने कहा कि शहर में लाखों की संख्या में बसे उत्तर भारतीय मतदाता हर चुनाव में भाजपा के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहे हैं। “जब-जब चुनाव आया, उत्तर भारतीय समाज ने भाजपा और उसके सहयोगी दलों के उम्मीदवारों को भारी मतों से जिताने में निर्णायक भूमिका निभाई। उसी समय भाजपा के वरिष्ठ और स्थानीय नेताओं ने आश्वासन दिया था कि मनपा चुनाव में समाज के मजबूत और जमीनी उम्मीदवारों को टिकट देकर न्याय किया जाएगा। अब समय आ गया है कि भाजपा अपने वादे पर खरी उतरे।,” उन्होंने मांग की कि चिंचवड़, पिंपरी और भोसरी विधानसभा क्षेत्रों में से कम से कम प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से एक मजबूत उत्तर भारतीय उम्मीदवार को टिकट दिया जाए। उन्होंने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि यदि भाजपा ने इस बार भी उत्तर भारतीय समाज को टिकट नहीं दिया, तो समाज में गहरी नाराजगी फैल सकती है और इसका नकारात्मक असर मनपा चुनाव परिणामों में दिखाई देगा। “यह समाज सम्मान और भागीदारी चाहता है, उपेक्षा नहीं,” सोनकर ने दो टूक कहा। उन्होंने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण और पिंपरी-चिंचवड़ के सभी भाजपा विधायकों से अपील की कि उत्तर भारतीय समाज को उसका हक और सम्मान दिया जाए। “उत्तर भारतीय समाज हमेशा भाजपा के साथ मजबूती से खड़ा रहा है और न्याय मिलने पर आगे भी पूरी ताकत से भाजपा का साथ निभाएगा,” ऐसा भरोसा सोनकर ने व्यक्त किया।
Created On :   26 Dec 2025 4:52 PM IST












