- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- पुणे
- /
- संपत्ति कर वसूली अभियान तेज, दो माह...
Pune City News: संपत्ति कर वसूली अभियान तेज, दो माह में 500 करोड़ जुटाना चुनौती

भास्कर न्यूज, पिंपरी-चिंचवड़। वित्तीय वर्ष 2025-26 की समाप्ति में अब केवल दो महीने शेष रहने के चलते पिंपरी-चिंचवड़ महानगरपालिका ने संपत्ति कर वसूली अभियान को तीव्र कर दिया है। कर निर्धारण एवं कर वसूली विभाग को चालू वर्ष के लिए 1200 करोड़ रुपये का लक्ष्य दिया गया है, जबकि अब तक 702 करोड़ रुपये की वसूली हो चुकी है। ऐसे में शेष अवधि में लगभग 500 करोड़ रुपये एकत्र करना प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती माना जा रहा है।
मनपा क्षेत्र में कुल 7 लाख 32 हजार 296 आवासीय, व्यावसायिक, औद्योगिक एवं मिश्रित श्रेणी की संपत्तियां दर्ज हैं। इन संपत्तियों से कर वसूली को लेकर विभाग ने बकायेदारों के विरुद्ध सख्त रुख अपनाया है। अब तक 40 बकायेदार संपत्तियों को सील किया गया है, जबकि 138 संपत्तियों के जल कनेक्शन काटे गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि आवश्यकता पड़ने पर यह कार्रवाई और तेज की जाएगी।
चुनावी आचार संहिता लागू रहने के कारण पिछले तीन महीनों में कर वसूली की गति धीमी रही, लेकिन अब वित्तीय वर्ष के अंतिम चरण में विभाग ने सभी संसाधनों के साथ अभियान शुरू कर दिया है। उल्लेखनीय है कि पिछले वित्तीय वर्ष में संपत्ति कर से 977 करोड़ रुपये की आय हुई थी। इस वर्ष प्रशासन का प्रयास है कि यह आंकड़ा कम से कम 1000 करोड़ रुपये से अधिक तक पहुंचे।
नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मनपा ने 18 विभागीय कर संकलन कार्यालयों के साथ-साथ ऑनलाइन भुगतान व्यवस्था को भी सक्रिय रखा है। इसके अलावा शनिवार, रविवार और सार्वजनिक अवकाश के दिनों में भी सभी कर कार्यालय खुले रखने का निर्णय लिया गया है। कर भुगतान की अंतिम तिथि 31 मार्च निर्धारित की गई है।
उपायुक्त सचिन पवार ने नागरिकों से अपील की है कि वे समय पर संपत्ति कर का भुगतान करें। उन्होंने कहा कि बकायेदारों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी और नागरिक ऑनलाइन सुविधा का लाभ लेकर किसी भी असुविधा से बच सकते हैं।
Created On :   4 Feb 2026 7:55 PM IST












