Pune City News: सुनेत्रा पवार ने कराड़ में चव्हाण समाधि स्थल के किए दर्शन

सुनेत्रा पवार ने कराड़ में चव्हाण समाधि स्थल के किए दर्शन
  • अजित पवार हर महत्वपूर्ण कार्य की शुरुआत यहीं से करते थे
  • पत्नी ने भी निभाई वही परंपरा

भास्कर न्यूज, पुणे। राज्य के दिवंगत पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने हमेशा किसी भी महत्वपूर्ण कार्य की शुरुआत पूर्व उपप्रधानमंत्री यशवंतराव चव्हाण के कराड़ स्थित समाधि स्थल पर अभिवादन के साथ की थी। वे इसे शक्ति स्थल मानते थे और कहते थे कि यहां से उन्हें कार्य करने की प्रेरणा मिलती है। सोमवार को उसी परंपरा को उनकी पत्नी और उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने आगे बढ़ाया। उपमुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी संभालने के बाद नई और चुनौतीपूर्ण यात्रा शुरू करने से पहले सोमवार को सुनेत्रा पवार ने यशवंतराव चव्हाण के स्मृति स्थल (प्रीति संगम) पर नतमस्तक होकर उनका आशीर्वाद लिया। कराड़ स्थित यशवंतराव चव्हाण स्मृति स्थल के दर्शन के लिए उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार सुबह 10 बजे समाधि के दर्शन के लिए पहुंचने वाली थीं। अजित पवार की तरह समय की पाबंदी का पालन करते हुए वे ठीक 10 बजे कार्यक्रम स्थल पर उपस्थित हुईं। उनके आगमन से पहले पश्चिमी महाराष्ट्र और राज्यभर से राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के कई नेता, पदाधिकारी, कार्यकर्ता और पवार परिवार के शुभचिंतक भारी संख्या में एकत्र हो गए थे। जैसे ही वे समाधि स्थल पर पहुंचीं, कार्यकर्ताओं ने उन्हें घेर लिया। इस दौरान जब पवार परिवार के पुराने मित्र और वरिष्ठ नेता श्रीनिवास पाटिल और उनका परिवार सामने आया, तो सुनेत्रा पवार भावुक हो गईं। सुनेत्रा पवार ने यशवंतराव चव्हाण की समाधि पर पुष्प चक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

पवार परिवार और कराड़ का गहरा नाता

वरिष्ठ नेता शरद पवार हमेशा यशवंतराव चव्हाण को राजनीतिक गुरु मानते रहे हैं, इसलिए वे उनकी जयंती और पुण्यतिथि पर कराड़ जरूर आते है। राज्य के दिवंगत पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार के राजनीतिक जीवन में भी यशवंतराव चव्हाण के विचार हमेशा सर्वोच्च स्थान पर रहे। अजित पवार के राजनीतिक सफर में यशवंतराव चव्हाण का समाधि स्थल और उनके सिद्धांत सदैव मार्गदर्शक रहे। उन्होंने जीवन के कई महत्वपूर्ण अवसरों पर कराड़ आकर इस पावन स्थल के दर्शन किए थे। वे अक्सर भाषणों में गर्व से कहते थे कि उनकी राजनीति और समाज नीति पूरी तरह यशवंतराव चव्हाण की विचारधारा पर आधारित है। उनके निधन के बाद अब वही वैचारिक विरासत उनकी पत्नी और राज्य की नवनिर्वाचित उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार आगे बढ़ाती नजर आ रही हैं। सोमवार को सातारा और फलटण दौरे के समय सुनेत्रा पवार ने कराड़ के 'प्रीति संगम' स्थित यशवंतराव चव्हाण की समाधि पर नतमस्तक होकर आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुनील तटकरे, सहायता एवं पुनर्वास मंत्री मकरंद पाटिल, राज्य महिला आयोग की अध्यक्षा रूपाली चाकणकर, पूर्व सांसद श्रीनिवास पाटिल, सांसद नितिन पाटिल, पूर्व मंत्री बालासाहब पाटिल समेत जिला कलेक्टर संतोष पाटिल, पुलिस अधीक्षक तुषार दोशी और कराड़ नगर पालिका के अध्यक्ष राजेंद्र यादव मौजूद थे।

अंगरक्षक विदीप जाधव की पत्नी और बच्चों से कहा- मैं साथ खड़ी हूं

दिवंगत पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार के साथ सुरक्षा गार्ड विदीप जाधव की बारामती में हुए विमान हादसे में दु:खद मृत्यु हो गई थी। शोक की घड़ी में सोमवार को उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने व्यक्तिगत दु:ख किनारे रखकर विदीप जाधव के तरड़गांव (फलटण तहसील) स्थित आवास पर उनके परिजनों से मुलाकात की और उन्हें सांत्वना दी। स्व. विदीप जाधव की पत्नी और बच्चों के सिर पर ममताभरा हाथ फेरते हुए सुनेत्रा पवार भावुक हो गईं। उन्होंने परिवार को हिम्मत देते हुए कहा किसी भी कठिनाई में मैं आपके साथ खड़ी हूं।

Created On :   3 Feb 2026 3:47 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story