Pune City News: प्राध्यापक भर्ती के लिए अपनाएंगे 60-40 का फॉर्मूला

प्राध्यापक भर्ती के लिए अपनाएंगे 60-40 का फॉर्मूला
विश्वविद्यालयों में प्राध्यापकों की भर्ती संबंधी प्रक्रिया के तहत

भास्कर न्यूज, पुणे। राज्य के विश्वविद्यालयों में प्राध्यापकों की भर्ती संबंधी प्रक्रिया के तहत अकादमिक और इंटरव्यू के लिए 60-40 का फॉर्मूला अपनाया जाएगा। उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री चंद्रकांत पाटिल ने विधानसभा में यह जानकारी दी। हालांकि, इस फार्मूले का भी विरोध किया गया है और राज्य में प्राध्यापक भर्ती के लिए विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) के नियमों का पालन करने की मांग की गई है।

राज्य के विश्वविद्यालयों में सहायक प्राध्यापक, सहयोगी प्राध्यापक और प्राध्यापक के पद बड़ी संख्या में रिक्त हैं। इसका शैक्षणिक कार्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। इसलिए प्राध्यापक भर्ती प्रक्रिया लागू करने की मांग लगातार की जा रही है। इसी संदर्भ में उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग ने नई पद्धति तय की थी, जिसमें शैक्षणिक योग्यता के लिए 80 अंक और साक्षात्कार के लिए 20 अंक निर्धारित किए गए थे। विरोध के बाद उसे 75-25 के फॉर्मूला में बदला गया, लेकिन इसका भी यह कहते हुए विरोध किया गया कि इससे राज्य के स्थानीय उम्मीदवारों, मानविकी संकाय के उम्मीदवारों और नए योग्यताधारकों के साथ अन्याय हो रहा है। प्राध्यापक भर्ती से संबंधित विधानसभा में उठाए गए प्रश्न के उत्तर में मंत्री चंद्रकांत पाटिल ने बताया कि राज्यपाल द्वारा 60-40 के फॉर्मूले पर अकादमिक और इंटरव्यू को मंजूरी देने से प्राध्यापक भर्ती का रास्ता साफ हो गया है। हालांकि, अभी तक नए फार्मूले से संबंधित सरकारी निर्णय प्रकाशित नहीं हुआ है। फिर भी, इस नए फॉर्मूले का भी उच्च शिक्षा क्षेत्र के विशेषज्ञों और योग्य उम्मीदवारों द्वारा विरोध किया जा रहा है।

पूर्व कुलपति और भारतीय विश्वविद्यालय संघ (एआईयू) के पूर्व अध्यक्ष डॉ. माणिकराव सालुंके ने कहा कि जब प्राध्यापक भर्ती के लिए यूजीसी की स्पष्ट नियमावली मौजूद है, तो राज्य सरकार द्वारा अलग फॉर्मूला तय करने का कोई कारण नहीं है। राज्य सरकार को यूजीसी के नियमों के अनुसार ही प्राध्यापक भर्ती प्रक्रिया लागू करना चाहिए और केवल यह सुनिश्चित करना चाहिए कि यह प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से हो।

Created On :   16 Dec 2025 2:40 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story