Pune City News: पुणे ग्रैंड टूर ट्रॉफी का अनावरण

पुणे ग्रैंड टूर ट्रॉफी का अनावरण
  • खेल मंत्री और पीटी उषा भी थे उपस्थित
  • 19 से 23 जनवरी तक होना है आयोजन

भास्कर न्यूज, पुणे। भारत की पहली यूसीआई 2.2 बहु स्टेज रोड साइकिलिंग रेस 'बजाज पुणे ग्रैंड टूर-26' की ट्रॉफी का अनावरण बुधवार को नई दिल्ली में समारोहपूर्वक किया गया। इस अवसर पर केंद्रीय युवा कल्याण और खेल मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया व भारतीय ओलंपिक संघ की अध्यक्ष पी.टी. उषा समेत अन्य लोग उपस्थित थे।

पुणे के तांबट आली बाजार के प्रसिद्ध कारीगरों द्वारा तैयार की गई ट्रॉफी नए भारत की भावनाओं, उसकी व्यापकता और नई ऊंचाइयां छूने की महत्वाकांक्षा का प्रतीक है। अगले 15 दिनों में ट्रॉफी राजस्थान, गुजरात, तेलंगाना, तमिलनाडु और महाराष्ट्र सहित पूरे भारत में यात्रा करेगी। केंद्रीय मंत्री डॉ. मंडाविया ने कहा कि पुणे ग्रैंड टूर ट्रॉफी का अनावरण करते हुए खुशी हो रही है। प्रधानमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व में फिट इंडिया मूवमेंट ने फिटनेस को सच्चे जन आंदोलन में बदल दिया है। 'फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल' जैसे प्रयासों ने पूरे देश में साइकिलिंग को लोकप्रिय बनाने में अहम भूमिका निभाई है। पुणे ग्रैंड टूर जैसे अंतरराष्ट्रीय इवेंट देश के प्रतिस्पर्धी साइकिलिंग ईकोसिस्टम को मजबूत करेंगे और ओलिंपिक खेलों में साइकिलिंग के तहत मेडल दिलाने की संभावना बढ़ाएंगे। कार्यक्रम में साइकिलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष पंकज सिंह और पुणे के जिला अधिकारी जितेंद्र डूडी उपस्थित थे।

19 से 23 जनवरी तक होना है आयोजन

बजाज पुणे ग्रैंड टूर चार दिनी चार स्तरों वाली 437 किलोमीटर लंबी कांटिनेंटल टीम पुरुष रोड रेस है, जिसमें 19 से 23 जनवरी के बीच 26 देशों के 150 से अधिक पेशेवर अंतरराष्ट्रीय साइकिलिस्ट हिस्सा लेने की उम्मीद है। देश में पहली बार यह आयोजन महाराष्ट्र सरकार और पुणे जिला प्रशासन के प्रयास व साइकिलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के सहयोग से किया जा रहा है। तांबे से बनी ट्रॉफी 480 मिमी लंबी है।

Created On :   17 Dec 2025 3:16 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story