Rewa News: रुद्र महायज्ञ में उमड़ा आस्था का सैलाब, आश्रम पहुंचे उप मुख्यमंत्री

डिजिटल डेस्क,रीवा। ब्रह्मर्षि औघड़ दास बाबा आश्रम में आयोजित भव्य रुद्र महायज्ञ के सातवें दिन आध्यात्मिक उल्लास और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला। इस पावन अवसर पर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ला विशेष रूप से आश्रम पहुंचे और धार्मिक अनुष्ठानों में सहभागिता की। आश्रम पहुंचने पर यज्ञ समिति के अध्यक्ष गजेन्द्र दुबे, वरिष्ठ समाजसेवी बृजेश पाण्डेय, आश्रम प्रबंधन, संत समाज और स्थानीय श्रद्धालुओं ने उनका स्वागत किया।
उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ला ने यज्ञ स्थल पर पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन कुंड में आहुतियां अर्पित कर प्रदेश की सुख-समृद्धि व जनकल्याण की कामना की। इसके पश्चात उन्होंने आश्रम में स्थापित ब्रह्मर्षि औघड़ दास बाबा की प्रतिमा के दर्शन किए, श्रद्धालुओं के साथ यज्ञशाला की परिक्रमा की और संतों का आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने बाबा औघड़ दास के साथ बिताए अपने आत्मीय और यादगार संस्मरणों को साझा किया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय और भावुक हो उठा। महायज्ञ के सातवें दिन का मुख्य आकर्षण आश्रम परिसर में स्थापित द्वादश ज्योतिर्लिंगों का विशेष रुद्राभिषेक रहा।
प्रकांड विद्वानों एवं आचार्यों द्वारा किए जा रहे अनवरत वैदिक मंत्रोच्चार से पूरा आश्रम परिसर और आसपास का क्षेत्र आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर हो उठा। सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने द्वादश ज्योतिर्लिंगों के दर्शन कर अभिषेक का पुण्य लाभ अर्जित किया।
Created On :  
