Rewa News: राज्य स्तरीय साइक्लिंग चैंपियनशिप, प्रदेशभर के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का किया प्रदर्शन

डिजिटल डेस्क,रीवा। रीवा ने एक बार फिर साबित कर दिया कि शहर खेल और साइक्लिंग के क्षेत्र में तेजी से अपनी नई पहचान बना रहा है। रीवा डिस्ट्रिक्ट साइक्लिंग एसोसिएशन के आयोजन में दो दिवसीय भव्य साइक्लिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई है। मध्यप्रदेश साइक्लिंग एसोसिएशन द्वारा रीवा को राज्य स्तरीय साइक्लिंग ट्रायल एवं चयन चैंपियनशिप की मेजबानी सौंपे जाने के बाद पहले दिन प्रदेशभर के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। वहीं दूसरे दिन NV साइक्लोथॉन के तीसरे संस्करण में देश के विभिन्न राज्यों से आए साइकिलिस्टों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
राज्य स्तरीय साइक्लिंग ट्रायल एवं चयन प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश के विभिन्न जिलों से खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। यह प्रतियोगिता राष्ट्रीय स्तर पर मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व करने वाली टीम के चयन की दिशा में महत्वपूर्ण रही। रीवा को इस प्रतिष्ठित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता की मेजबानी मिलना जिले के खेल जगत के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि रही।अंतिम दिन NV साइक्लोथॉन के तीसरे संस्करण का आयोजन किया गया, जिसमें 60 किलोमीटर, 30 किलोमीटर, 10 किलोमीटर और 2.5 किलोमीटर की चार श्रेणियों में प्रतियोगिताएं आयोजित हुईं।
इस बार आयोजन की विशेष उपलब्धि यह रही कि 60 किलोमीटर की चुनौतीपूर्ण श्रेणी में हरियाणा, दिल्ली, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश और मध्यप्रदेश सहित विभिन्न राज्यों के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इससे NV साइक्लोथॉन को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मिला।
कार्यक्रम में मध्यप्रदेश साइक्लिंग एसोसिएशन के सचिव भीष्म सिंह राजपूत, रीवा डिस्ट्रिक्ट साइक्लिंग एसोसिएशन के उपाध्यक्ष सुनील सिंह, कोषाध्यक्ष CA प्रशांत जैन, संयुक्त सचिव अमन मिश्रा, एसडीएम जितेंद्र तिवारी एवं रजनीश भाटिया सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
RDCA पदाधिकारियों ने बताया कि पिछले तीन वर्षों से लगातार रीवा में बड़े स्तर पर साइक्लिंग गतिविधियों और प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। इस दो दिवसीय आयोजन का उद्देश्य केवल प्रतियोगिता कराना नहीं, बल्कि युवाओं को खेलों से जोड़ना, फिटनेस के प्रति जागरूक करना, स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना और रीवा को साइक्लिंग के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करना है।
Created On :  
