Rewa news: मुख्यमंत्री डॉ .मोहन यादव ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का किया निरीक्षण

मुख्यमंत्री डॉ .मोहन यादव ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का किया निरीक्षण
मुख्यमंत्री ने लोगों को आश्वासन दिया कि जल निकासी के लिए स्थायी व्यवस्था की जाएगी

डिजिटल न्यूज़ रीवा

प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार शाम रीवा पहुंचे। रीवा एयरपोर्ट पर उन्होंने अधिकारियों के साथ जिले में बाढ़ की स्थिति पर चर्चा की। इसके बाद वह अचानक शहर के बाढ़ प्रभावित गुलाब नगर क्षेत्र में पहुंच गए। इस दौरान उनके साथ उपमुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ला और भाजपा जिलाध्यक्ष मौजूद रहे।

गुलाब नगर में देखी जलभराव की भयावह तस्वीर

बताया गया कि लगातार बारिश के दौरान गुलाब नगर में जलभराव की भयावह तस्वीरें सामने आईं थी। कई घरों में कमर तक पानी भर गया था। शनिवार को जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने से नाराज स्थानीय लोगों ने सड़क पर जाम भी लगाया था। इस समस्या को देखते हुए मुख्यमंत्री ने सीधे मौके पर पहुंचना उचित समझा और वहां पर जाकर लोगों से समस्या को समझा और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने क्षेत्र में पहुंचकर बाढ़ से प्रभावित लोगों से सीधे चर्चा की और उनकी समस्याएं सुनीं। लोगों ने बताया कि हर साल थोड़ी सी बारिश में ही यहां जलभराव हो जाता है और प्रशासन कोई स्थायी समाधान नहीं करता। मुख्यमंत्री ने लोगों को आश्वासन दिया कि जल निकासी के लिए जल्द ही स्थायी व्यवस्था की जाएगी।

शारदा पुरम के लोगों ने भी की मुलाकात

गुलाब नगर के बाद शारदा पुरम के रहवासियों ने भी मुख्यमंत्री से मुलाकात कर अपनी पीड़ा बताई। रहवासियों ने मांग रखी कि जल निकासी के लिए पर्याप्त संसाधन उपलब्ध कराए जाएं। क्षेत्र में नालियों की सफाई नहीं होने और अव्यवस्थित निर्माण के कारण पानी की निकासी नहीं हो पा रही है। लोगों ने बताया कि बारिश के दौरान क्षेत्र में जलभराव से काफी परेशानी हुई है, बच्चों और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा दिक्कत हुई इस पर मुख्यमंत्री ने लोगों की पीड़ा को समझा और समुचित कार्यवाही का आश्वासन दिया।

देर रात भोपाल के लिए रवाना

शहर के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण करने के बाद मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्य में कोई कमी न रहे और जल निकासी की तत्काल व्यवस्था की जाए। निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री भोपाल के लिए रवाना हो गए।

Created On :   24 Aug 2026 2:21 PM IST

Tags

Next Story