- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- रीवा
- /
- तीसरे वेतनमान संशोधन के लिए सांसद...
Rewa News: तीसरे वेतनमान संशोधन के लिए सांसद से लगाई गुहार

डिजिटल डेस्क,रीवा। भारत संचार निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों के लंबे समय से लंबित तीसरे वेतनमान संशोधन को मंजूरी देने और लागू करने की मांग को लेकर संयुक्त यूनियन एवं एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने सांसद जनार्दन मिश्रा से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने सांसद से केंद्र सरकार के समक्ष इस मुद्दे को प्रभावी ढंग से उठाने का आग्रह किया।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि भारत संचार निगम लिमिटेड ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में सस्ती दूरसंचार सेवाएं उपलब्ध कराने, स्वदेशी तकनीक को बढ़ावा देने और महत्वपूर्ण सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में अहम भूमिका निभा रहा है। निगम के आधुनिकीकरण और विस्तार के साथ अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लंबित वेतनमान संशोधन पर भी निर्णय जरूरी है।
इस पर सांसद जनार्दन मिश्रा ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि वह केंद्रीय दूरसंचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को पत्र लिखकर आवश्यक कार्रवाई का आग्रह करेंगे। साथ ही संसद में भी इस मुद्दे को जोरदार ढंग से उठाएंगे।
मुलाकात के दौरान अधिकारी संवर्ग की ओर से चंद्रकांत शुक्ला, अनुराग द्विवेदी, डीके सत्यार्थी, सुभाष मिश्रा और दीपक मिश्रा उपस्थित रहे। कर्मचारी संगठन की ओर से जिला सचिव अवध लाल शुक्ला और डीडी पटेल ने प्रतिनिधित्व किया। दूरसंचार सलाहकार समिति के सदस्य अभिषेक त्रिपाठी भी मौजूद रहे।
Created On :   18 Oct 2026 6:30 PM IST











