रीवा न्यूज: एक सीनियर नर्स के भरोसे चौरासी गांवो के मरीजों के स्वास्थ्य की जिम्मेदारी

एक सीनियर नर्स के भरोसे चौरासी गांवो के मरीजों के स्वास्थ्य की जिम्मेदारी
मरीजों को समय पर जांच, परामर्श और आवश्यक उपचार उपलब्ध हो, इसके लिए पर्याप्त स्टाफ एवं नियमित चिकित्सकीय सेवाओं की जरूरत है

डिजिटल डेस्क रीवा।जिला मुख्यालय से पैंतालीस किलोमीटर दूर स्थित लालगांव में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में लंबे समय से चिकित्सकीय व्यवस्थाओं को लेकर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि स्वास्थ्य केंद्र में नियमित रूप से डॉक्टर की उपलब्धता नहीं होने के कारण मरीजों को समुचित उपचार के लिए परेशानी उठानी पड़ रही है। सामान्य बीमारी से लेकर आकस्मिक स्वास्थ्य समस्या की स्थिति में लोगों को दूसरे स्वास्थ्य केंद्रों अथवा निजी अस्पतालों का रुख करना पड़ता है। समाजसेवी लवकुश तिवारी के अनुसार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र क्षेत्र की बड़ी आबादी के लिए महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सुविधा है, लेकिन चिकित्सक की नियमित उपलब्धता नहीं होने से इसका अपेक्षित लाभ लोगों को नहीं मिल पा रहा है। खासकर बुजुर्गों, महिलाओं, बच्चों और दूर-दराज के गांवों से आने वाले मरीजों को अधिक परेशानी का सामना करना पड़ता है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकीय व्यवस्था के साथ-साथ अन्य व्यवस्थाओं में भी सुधार की आवश्यकता है। महज एक सीनियर नर्स के भरोसे चौरासी गांवो के मरीजों के स्वास्थ्य की जिम्मेदारी दी गई है मरीजों को समय पर जांच, परामर्श और आवश्यक उपचार उपलब्ध हो, इसके लिए पर्याप्त स्टाफ एवं नियमित चिकित्सकीय सेवाओं की जरूरत है।

ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से मामले का संज्ञान लेते हुए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लालगांव में नियमित चिकित्सक की पदस्थापना करने तथा स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं की जांच कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि शासन द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने पर जोर दिया जा रहा है, ऐसे में स्थानीय स्तर पर चिकित्सक की उपलब्धता सुनिश्चित किया जाना जरूरी है।

ग्रामीणों का कहना है कि स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टर की नियमित उपस्थिति होने से क्षेत्र के लोगों को समय पर इलाज मिल सकेगा और छोटी-छोटी स्वास्थ्य समस्याओं के लिए दूर जाने की मजबूरी भी कम होगी।


Created On :   30 Aug 2026 1:25 PM IST

Tags

Next Story