Rewa news: गांधी मेमोरियल अस्पताल में जच्चा-बच्चा की मौत पर हंगामा

गांधी मेमोरियल अस्पताल में जच्चा-बच्चा की मौत पर हंगामा

डिजिटल न्यूज़ रीवा

श्यामशाह चिकित्सा महाविद्यालय से संबद्ध गांधी मेमोरियल अस्पताल (जीएमएच) में प्रसूता सहित नवजात की मौत पर जमकर हंगामा हुआ। जच्चा-बच्चा की मौत पर अस्पताल की व्यवस्थाओं पर सवाल उठाते हुए परिजन गेट के बाहर धरने पर बैठ गए। इस पूरे मामले में फिलहाल दो नर्सिंग ऑफिसर साधना वर्मा एवं सोनाली मुजाल्दे को सस्पेंड कर दिया गया है। इसके साथ ही 5 सदस्यीय जांच कमेटी गठित कर दी है। कमेटी में डॉ. शशि जैन, डॉ. प्रियंक शर्मा, डॉ. अवतार सिंह, डॉ. पद्मा शुक्ला एवं उर्मिला समददार प्रमुख परिचारिका जीएमएच को शामिल किया गया है।

जानकारी के अनुसार बैकुंठपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत हटवा निवासी कल्पना मिश्रा पति अमित मिश्रा 22 वर्ष को प्रसव के लिए यहां भर्ती कराया गया था। परिजनों के अनुसार, 26 अगस्त की रात को इलाज में कथित लापरवाही के कारण जच्चा और बच्चा दोनों की मौत हो गई। आरोप है कि ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर और स्टॉफ ने समय पर उचित इलाज नहीं दिया। परिजन ने नर्सिंग स्टॉफ पर दुर्व्यवहार के आरोप भी लगाए। कार्रवाई की मांग को लेकर परिजनों ने सुबह से ही अस्पताल के मुख्य गेट के बाहर धरना शुरू कर दिया, जिससे परिसर में तनाव की स्थिति बन गई।प्रसव के दौरान जच्चा-बच्चा की मौत की जानकारी मिलते ही मनगवां विधायक इंजी. नरेंद्र प्रजापति अस्पताल पहुंचे। उन्होंने पीडि़त परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और उनकी मांगों को सुना। इसके बाद विधायक ने अस्पताल प्रबंधन और मेडिकल कॉलेज के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ सीधे बातचीत की।

दो घंटे बैठक के बाद कार्रवाई

जनप्रतिनिधि के हस्तक्षेप और परिजनों के आक्रोश को देखते हुए अस्पताल प्रबंधन की करीब दो घंटे बैठक चली। बैठक के बाद परिजनों की मांगों और प्राथमिक साक्ष्यों के आधार पर मेडिकल कॉलेज के डीन ने दो नर्सिंग स्टाफ को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है। वहीं घटना की जांच के लिए कमेटी बनाई है।

पैनल ने किया पोस्टमार्टम

मेडिकल कॉलेज के डीन द्वारा निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद अंतत: परिजन पोस्टमार्टम के लिए तैयार हुए। मौत के सही कारणों का पता लगाने के लिए दोनों शवों का पैनल के माध्यम से पोस्टमार्टम कराया गया है।

Created On :   28 Aug 2026 2:02 PM IST

Tags

Next Story