रीवा न्यूज: लिफ्ट में गर्दन फंसने से युवक की मौत

लिफ्ट में गर्दन फंसने से युवक की मौत
लिफ्ट से स्ट्रेचर पर घायल युवक को ऊपर की मंजिल ले जाया जा रहा था, इसी दौरान यह हादसा हो गया

डिजिटल डेस्क रीवा।पेड़ से गिरने की वजह से इलाज के लिए नेशनल हॉस्पिटल लाए गए एक युवक की लिफ्ट में गर्दन फंस जाने से मौत हो गई। शनिवार की रात लगभग 9 बजे हुई इस घटना के बाद हॉस्पिटल में तनाव की स्थिति बन गई। परिजन का आरोप है कि हॉस्पिटल प्रबंधन की लापरवाही से यह घटना हुई है। मौके पर सीएसपी राजीव पाठक, टीआई आशीष मिश्रा सहित भारी पुलिस बल मौजूद हैं, जिनके द्वारा समझाइश दी जा रही है।

जानकारी के अनुसार, सुरेश सेन 40 वर्ष निवासी लालपुर थाना अमरपाटन जिला मैहर को पेड़ से गिरने की वजह से हाथ का ऑपरेशन कराने के लिए यहां लाया गया। लिफ्ट से स्ट्रेचर पर घायल युवक को ऊपर की मंजिल ले जाया जा रहा था, इसी दौरान यह हादसा हो गया। परिजन का आरोप है, लिफ्ट में परिवार के किसी सदस्य को साथ में नहीं जाने दिया गया। लिफ्ट में कर्मचारी भी नहीं गया। घायल युवक को अकेले ही स्ट्रेचर सहित छोड़ दिया। परिजन जब ऊपर की मंजिल पर सीढ़ियों से पहुंचे तो पता चला कि लिफ्ट बीच में फंस गई है। इस घटना में घायल युवक की गर्दन फंस गई थी। घटना की जानकारी मिलते ही समान पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद युवक को निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। इस घटना को लेकर आक्रोशित लोगों ने सड़क को जाम करने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने किसी तरह उन्हें रोक दिया। बताया गया है कि शव को संजय गांधी स्मृति चिकित्सालय की मर्चुरी में रखा दिया गया है, जहां रविवार को पोस्टमार्टम होगा।


Created On :   30 Aug 2026 1:58 PM IST

Tags

Next Story