सतना न्यूज: केंद्रीय जेल में 159 कैदियों की हेपेटाइटिस बी और सी की जांच

केंद्रीय जेल में 159 कैदियों की हेपेटाइटिस बी और सी की जांच
आज भी जेल में चलेगा अभियान, डॉक्टरों की लगाई गई ड्यूटी

डिजिटल न्यूज सतना। स्वास्थ्य विभाग की ओर से चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मंगलवार को केंद्रीय जेल में 159 कैदियों की हेपेटाइटिस बी एवं सी की जांच की गई। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जेल पहुंचकर कैदियों की स्क्रीनिंग की और आवश्यक स्वास्थ्य परीक्षण किए। इस अभियान में हेपेटाइटिस संक्रमण की पहचान के लिए कैदियों की जांच की जा रही है। स्क्रीनिंग में यदि कोई कैदी हेपेटाइटिस बी या सी पॉजिटिव मिलता है तो उसका सैंपल वायरल लोड और बेसलाइन जांच के लिए लिया जाएगा, ताकि आगे की उपचार प्रक्रिया तय की जा सके।

केंद्रीय जेल में आज भी होगा टेस्ट

28 जुलाई को भी केंद्रीय जेल में कैदियों की हेपेटाइटिस बी-सी जांच होगी। इसके लिए डॉ. चंद्रकांत द्विवेदी को मेडिकल ऑफिसर के रूप में ड्यूटी सौंपी गई है। उनके साथ गौरव शर्मा और प्रमोद त्रिपाठी लैब टेक्नीशियन तथा प्रमोद मिश्रा पियर सपोर्टर के रूप में मौजूद रहेंगे। स्वास्थ्य विभाग ने टीम को प्रतिदिन करीब 250 कैदियों की स्क्रीनिंग का लक्ष्य दिया है। जांच की रिपोर्ट उसी दिन एमआईएस पोर्टल पर दर्ज की जाएगी।

मैहर और नागौद उपजेलों में होगी स्क्रीनिंग

28 जुलाई को ही उपजेल मैहर और उपजेल नागौद में भी कैदियों की जांच होगी। मैहर में डॉ. पृथ्वीराज सिंह चौहान मेडिकल ऑफिसर के रूप में ड्यूटी करेंगे, जबकि लैब टेक्नीशियन धनुधारी पटेल और चंद्रपाल सिंह मौजूद रहेंगे। इसी तरह नागौद में डॉ. राजेंद्र पटेल के साथ लैब टेक्नीशियन देवनाथ अहिरवार और अंकुर तिवारी की ड्यूटी लगाई गई है। अगस्त माह में केंद्रीय जेल एवं ओपन जेल में भी कैदियों की हेपेटाइटिस बी-सी स्क्रीनिंग की जाएगी।


Created On :   27 July 2026 7:57 PM IST

Tags

Next Story