- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- सतना
- /
- बुजुर्ग महिला की डेंगू से मौत, एक...
सतना न्यूज: बुजुर्ग महिला की डेंगू से मौत, एक ही परिवार में 4 को बुखार

डिजिटल डेस्क सतना। शहर की जीवन ज्योति कॉलोनी में डेंगू से 60 वर्षीय महिला की मौत का मामला सामने आया है। रामदुलारी चक्रवर्ती पति राजाराम को चार दिन पहले तेज बुखार आया था। जांच कराने पर उनकी डेंगू रिपोर्ट पॉजिटिव आई। हालत बिगडऩे पर उन्हें जबलपुर रेफर किया गया, लेकिन अस्पताल ले जाते समय सिहोरा के पास उनकी मौत हो गई। परिजनों के मुताबिक रामदुलारी को 16 अगस्त को एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया था। उपचार के दौरान उनकी हालत में सुधार नहीं हुआ। इसके बाद 17 अगस्त को डॉक्टरों ने उन्हें जबलपुर रेफर कर दिया। परिजन उन्हें जबलपुर ले जा रहे थे, तभी रास्ते में उनकी तबीयत ज्यादा बिगड़ गई और उन्होंने दम तोड़ दिया। मंगलवार को परिजनों ने अंतिम संस्कार किया।
दो बहुओं और नातिन को भी बुखार
रामदुलारी के साथ परिवार के तीन अन्य सदस्य भी बुखार से पीडि़त हैं। उनकी बहू कविता (36), बेबी (26) और नातिन अंकिता (17) को भी तेज बुखार आया था। परिवार ने तीनों की डेंगू जांच कराई, लेकिन रिपोर्ट निगेटिव आई है। इसके बावजूद तीनों को अभी बुखार बना हुआ है और उनका उपचार चल रहा है।
एक साथ चार लोग पड़े बीमार
परिजनों के अनुसार पहले रामदुलारी समेत परिवार के चार सदस्यों को बुखार आया था। इसके बाद सभी ने मेडिकल कॉलेज के डॉ. मनोज प्रजापति से उपचार कराया और ब्लड जांच कराई। इसी जांच में रामदुलारी की डेंगू रिपोर्ट पॉजिटिव मिली थी। महिला की मौत के बाद परिवार में चिंता का माहौल है।
Created On :   18 Aug 2026 7:22 PM IST










