- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- सतना
- /
- कच्ची शराब की मिनी फैक्ट्री पर...
Satna news: कच्ची शराब की मिनी फैक्ट्री पर आबकारी की दबिश

डिजिटल न्यूज़ सतना
सागर में जहरीली शराब के कारण दो दर्जन से अधिक लोगों की मौत के बाद समूचे प्रदेश में अवैध मदिरा के निर्माण, परिवहन, संग्रहण और बिक्री के खिलाफ अभियान छेड़ दिया गया है। इसी कड़ी में जिला दंडाधिकारी डॉ. सतीश कुमार एस के निर्देश पर सहायक आबकारी आयुक्त सुरेन्द्र कुमार उरांव ने मैदानी अमले को अलर्ट मोड पर रखा है। इसी बीच बुधवार की सुबह नागौद क्षेत्र के पिपरोखर और सेमरिहा टोला में कच्ची शराब बनाने के लिए भारी मात्रा में महुआ लाहन सड़ाए जाने की खबर मिली तो सर्किल प्रभारी संजय साकेत ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया, जिस पर फौरन एक संयुक्त टीम बनाकर रवाना की गई।
ढाई सौ से अधिक डिब्बों में मिला कच्च माल---
इस दस्ते ने मौके पर जाकर सघन सर्चिंग करते हुए जमीन में खोदे गए गड्ढों और झाडिय़ों में छिपाकर रखे गए ढाई सौ से अधिक प्लास्टिक के डब्बों में भरा लगभग 35 क्विंटल लाहन जब्त कर लिया, जिसकी अनुमानित कीमत 3 लाख 56 हजार रुपए निकाली गई। पंचनामा कार्रवाई के बाद आबकारी अमले ने मौके पर ही लाहन नष्ट कर दिया तो कच्ची शराब बनाने की निर्माण सामग्री, बर्तन और 40 लीटर मदिरा जब्त कर अलग-अलग 8 प्रकरण पंजीबद्ध किए। हालांकि छापामार अभियान में कोई आरोपी हाथ नहीं आया, मगर प्राथमिक पड़ताल में कुछ संदेहियों के नाम सामने आए हैं, जिनकी धरपकड़ के लिए दबिश दी जा रही है। गौरतलब है कि पिपरोखर गांव लंबे समय से कच्ची शराब बनाने और सप्लाई करने के लिए बदनाम रहा है। यहां सक्रिय तस्करों का नेटवर्क सतना समेत दूसरे जिलों में भी एक्टिव है।
छापामार कार्रवाई में एडीओ लोकेश ठाकुर, अभिषेक सिंह बघेल, शबनम बेगम, उपनिरीक्षक आशीष वाटिया, नीलेश गुप्ता, सुदर्शन विक्रमादित्य पांडेय, संजय साकेत, मुख्य आरक्षक राजकरण त्रिपाठी, मंगलदीन कोल, शंकरदयाल प्रजापति, आरक्षक आशुतोष तिवारी, अभिषेक मिश्रा, अमृता उरमलिया, सत्यप्रकाश पांडेय और अमृत राज साकेत ने अहम भूमिका निभाई।
Created On :   10 Sept 2026 2:28 PM IST








