Satna news: नशीले सिरप की तस्करी का दावा करने वाले दो आरोपी बंदी

नशीले सिरप की तस्करी का दावा करने वाले दो आरोपी बंदी
दोनों आरोपियों का पैदल जुलूस निकाला गया

डिजिटल न्यूज़ सतना

सोशल मीडिया पर पुलिस अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को खुली चुनौती देकर अमरपाटन क्षेत्र में नशीला सिरप बेंचने का दावा करने वाले दो हेकड़ीबाजों को पुलिस ने तीन दिन की तलाश के बाद खोज निकाला, जिनके खिलाफ बीएनएसएस की धारा 170, 126(1) और 135(1) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर कार्यपालिक मजिस्ट्रेट की कोर्ट में पेश किया गया, जहां से दोनों को उपजेल मैहर भेज दिया गया। टीआई विजय सिंह परस्ते ने बताया कि बीते 7 सितंबर को सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया था, जिसमें दो युवक कुछ ग्रामीणों से गाली-गलौज कर खुलेआम नशीले सिरप की तस्करी और बिक्री का दावा करते नजर आ रहे थे।

दोबारा विवाद करने पहुंचे तो पकड़ में आए---

वायरल वीडियो को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की गई, जिसके बाद दोनों की पहचान अंकुल कुमार पुत्र फूलचंद्र सिंगरौल 21 वर्ष और सुमित कुमार पुत्र रामनरेश लोधी 22 वर्ष, निवासी कुम्हारी के रूप में हुई, पर आरोपी अपने घर में नहीं मिले। ऐसे में मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया और साइबर सेल के माध्यम से भी पतासाजी शुरू की गई। इसी बीच बुधवार दोपहर को पता चला कि वीडियो वायरल होने से नाराज दोनों युवक भीषमपुर पहुंचकर ग्रामीणजनों से विवाद कर रहे हैं। लिहाजा दबिश देकर आरोपियों को पकड़ लिया गया। तलाशी में उनके पास कोई नशीला पदार्थ नहीं मिला, मगर पूछताछ में काफी अहम जानकारी हाथ लगी, जिस पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने नगर में दोनों का पैदल जुलूस निकाला, तो थाने पहुंचते ही आरोपी कान पकडक़र माफी मांगने लगे। धरपकड़ में एएसआई राजू निपाने, प्रधान आरक्षक विजय, रावेन्द्र, रीता और सैनिक सौखीलाल ने अहम भूमिका निभाई।

Created On :   10 Sept 2026 2:21 PM IST

Tags

Next Story