- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- सतना
- /
- दो दवा दुकानों में नहीं मिले...
सतना न्यूज,: दो दवा दुकानों में नहीं मिले फार्मासिस्ट बिना प्रिस्क्रिप्शन, शेड्यूल की दवाएं बेचने पर रोक

डिजिटल डेस्क सतना। ड्रग इंस्पेक्टर प्रियंका चौबे ने अमरपाटन क्षेत्र में मेडिकल स्टोरों का सघन निरीक्षण अभियान चलाते हुए 8 प्रतिष्ठानों की जांच की। निरीक्षण के दौरान दो मेडिकल स्टोरों में पंजीकृत फार्मासिस्ट अनुपस्थित मिले, जिसके बाद संचालकों को फार्मासिस्ट की मौजूदगी के बिना प्रिस्क्रिप्शन और शेड्यूल दवाओं का विक्रय नहीं करने के निर्देश दिए गए। नियंत्रक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन भोपाल तथा कलेक्टर के निर्देश पर सीएमएचओ डॉ. मनोज शुक्ला के मार्गदर्शन में औषधि निरीक्षक ने तिवारी मेडिकल स्टोर, अमित मेडिकल स्टोर, पाण्डेय मेडिकल स्टोर, मातश्री मेडिकल स्टोर, निर्मल मेडिकल स्टोर, पाल मेडिकल स्टोर, अयोध्या मेडिकल स्टोर और सार्थक मेडिकल स्टोर का निरीक्षण किया।
दस्तावेजों का किया गया निरीक्षण
जांच के दौरान दवाओं के भंडारण, खरीद-बिक्री अभिलेखों और अन्य वैधानिक रिकॉर्ड की पड़ताल की गई। तिवारी मेडिकल स्टोर और सार्थक मेडिकल स्टोर में पंजीकृत फार्मासिस्ट अनुपस्थित मिलने पर संचालकों को फार्मासिस्ट की उपस्थिति के बिना प्रिस्क्रिप्शन एवं शेड्यूल दवाओं का विक्रय नहीं करने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान सभी मेडिकल स्टोर संचालकों को औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम-1940 और उसके तहत बने नियमों का पालन करने, दवाओं का मानकों के अनुरूप भंडारण करने तथा सभी वैधानिक अभिलेख अद्यतन रखने के निर्देश दिए गए। विभाग ने स्पष्ट किया कि जहां भी पंजीकृत फार्मासिस्ट अनुपस्थित पाए जाएंगे या नियमों का उल्लंघन मिलेगा, वहां नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
Created On :   31 July 2026 1:37 PM IST










